Diwali 2025: दिवाली पर 'प्रीमियम स्वाद' का बिखरा जलवा, इस शाही मिठाई ने मचाई सनसनी, कीमत सुन पकड़ लेंगे माथा
Diwali 2025: दिवाली का त्यौहार जैसे-जैसे नजदीक आ रहा है, देश में मिठाइयों की भी रौनक और चमक का रंग घुलता जा रहा है। इस बार जयपुर की मिठाई की दुकानों ने परंपरा और नवाचार को मिलाकर लक्जरी मिठास का ऐसा संगम तैयार किया है, जो न सिर्फ स्वाद में बेजोड़ है बल्कि देखने में भी शाही एहसास देता है।
इस साल की प्रीमियम स्वीट शॉप्स ने ऐसी हाई-एंड मिठाइयों का कलेक्शन लॉन्च किया है जो त्योहार को रॉयल टच देने जा रहा है। सोने और चांदी के वर्क से सजी ये मिठाइयां जयपुर की पहचान बन चुकी हैं - जहां परंपरा की खुशबू और आधुनिकता की चमक एक साथ नजर आती है।

लाख रुपए किलो की मिठाई ने मचाई सनसनी
जयपुर की सबसे महंगी और चर्चित मिठाई इस बार बनी है - 'स्वर्ण प्रसादम', जिसकी कीमत है ₹1,11,000 प्रति किलो। यह मिठाई सिर्फ एक मिठास नहीं, बल्कि लक्जरी बन चुकी है। 'स्वर्ण प्रसादम' का बेस चिलगोजा (पाइन नट्स) से तैयार किया गया है। इसमें केसर, स्वर्ण भस्म और जैन मंदिर के विशेष वर्क का इस्तेमाल किया गया है। इसकी ग्लेजिंग पूरी तरह शुद्ध सोने की परत से की गई है, जिससे यह देखने में किसी ज्वेलरी से कम नहीं लगती।
मिठाई को ज्वेलरी बॉक्स पैकिंग में पेश किया गया है, ताकि ग्राहकों को लग्जरी और परंपरा दोनों का अनुभव मिले। इस मिठाई को प्रीमियम क्लास को ध्यान में रखकर सीमित मात्रा में तैयार किया गया है। इसी कलेक्शन में एक और मिठाई "स्वर्ण भस्म भारत" के नाम से लॉन्च की गई है, जिसकी कीमत ₹85,000 प्रति किलो रखी गई है।
दिवाली थीम पर सजा 'पटाखा थाल'
त्योहार मिठाई स्टोर की ओनर अंजली जैन ने बताया कि इस साल दिवाली को ध्यान में रखते हुए उन्होंने एक थीम-बेस्ड मिठाई कलेक्शन 'पटाखा थाल' तैयार किया है। इस थाल में काजू, ड्रायफ्रूट्स, केसर, बादाम, अंजीर, पिस्ता और अखरोट का इस्तेमाल किया गया है। साथ ही इन्हें हेल्थ-फ्रेंडली बनाने के लिए शुगर की मात्रा सीमित रखी गई है और घी पूरी तरह देसी है।
नई पीढ़ी की पसंद को ध्यान में रखते हुए मिठाई दुकानों ने इस साल एक और खास कलेक्शन पेश किया है - 'ड्रीम सीरीज'। इसमें परंपरागत बेस के साथ फ्यूजन फ्लेवर शामिल हैं, जैसे -काजू चॉकलेट बाइट्स, रेड वेलवेट रोल्स, लेमन काजू डिलाइट,हेज़लनट बर्फी, बबलगम स्वीट्स
स्वाद, सेहत और शाही अंदाज़ का संगम
जयपुर की ये मिठाइयां सिर्फ खाने की चीज नहीं रह गईं - ये अब अनुभव बन चुकी हैं। हर मिठाई में परंपरा, नवाचार और सेहत का मेल है। इस दिवाली जयपुर के बाजारों में घेवर की मिठास, चिलगोजे की खुशबू और सोने की चमक का संगम नजर आ रहा है। जहां कभी मिठाई सिर्फ स्वाद के लिए खरीदी जाती थी, अब वह लक्जरी और क्लास का प्रतीक बन चुकी है।












Click it and Unblock the Notifications