ईडी के सामने सोनिया गांधी आज होंगी पेश, दिग्विजय सिंह बोले- ना डरे हैं और ना डरेंगे
नई दिल्ली, 21 जुलाई। नेशनल हेराल्ड केस में आज सोनिया गांधी ईडी के सामने पेश होंगी। इसके विरोध में आज देशभर में कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता विरोध प्रदर्शन करेंगे। इस बीच कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने ट्वीट करके सोनिया गांधी का समर्थन किया है और कहा है कि हम ना डरे हैं और ना डरेंगे। दिग्विजय सिंह ने ट्वीट करके लिखा, मोदीशाह जी देश के दसों करोड़ लोग कांग्रेस व नेहरू गांधी परिवार के साथ हमेशा खड़े रहे हैं और आगे भी खड़े रहेंगे। हम ना डरे हैं ना डरेंगे। हम लड़ेंगे और जीतेंगे। भारत माता की जय।

आज सोनिया गांधी ईडी के दफ्तर जाएंगी, जहां पर उनसे नेशनल हेराल्ड केस में पूछताछ होगी। सोनिया गांधी के समर्थन में आज कांग्रेस पार्टी बड़ा विरोध प्रदर्शन करने की तैयारी में है। इससे पहले राहुल गांधी से भी कई घंटों की पूछताछ ईडी कर चुका है। उस वक्त भी कांग्रेस पार्टी ने उनके समर्थन में विरोध प्रदर्शन किया था। जिस तरह से कांग्रेस आज बड़े विरोध प्रदर्शन की तैयारी में है उसके चलते दिल्ली पुलिस भी अलर्ट है और सुरक्षा व्यवस्था को बढ़ा दिया गया है। ना सिर्फ दिल्ली बल्कि दूसरे राज्यों में भी कांग्रेस विरोध प्रदर्शन की तैयारी मे है। छत्तीसगढ़, राजस्थान में भी बड़ा प्रदर्शन हो सकता है।
कांग्रेस पार्टी आज सोनिया गांधी के समर्थन में एकजुटता दिखाने की कोशिश करेगी। तमाम पार्टी के नेता एआईसीसी के कार्यालय में आज इकट्ठा होंगे। इसमे पार्टी के सांसद भी शामिल होंगे, जोक सोनिया गांधी के साथ ईडी के कार्यालय तक जाएंगे। बता दें कि इससे पहले राहुल गांधी से ईडी ने तकरीबन 50 घंटे पूछताछ की थी। इसके खिलाफ कांग्रेस के नेता सड़क पर उतरे थे। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के साथ पूरी कांग्रेस एकजुट है और हम उनके साथ खड़े हैं।












Click it and Unblock the Notifications