Digvijay Singh News: कभी ओसामा साहब कहने वाले दिग्गी राजा ने अब बांधे संघ और पीएम मोदी की तारीफों के पुल
Digvijay Singh News: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राहुल गांधी के करीबी माने जाने वाले दिग्विजय सिंह एक बार फिर चर्चा में हैं। कभी बाटला हाउस एनकाउंटर पर सवाल उठाने वाले और ओसामा बिन लादेन को सम्मान के साथ साहब बुलाने वाले दिग्गी राजा के सुर अब बदलने लगे हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पुरानी तस्वीर साझा कर पीएम नरेंद्र मोदी और आरएसएस की तारीफ की है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) और भारतीय जनता पार्टी का संगठन मजबूत है।
दरअसल दिग्विजय सिंह ने जो तस्वीर शेयर की है उसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जमीन पर बैठे हुए नजर आ रहे हैं। दिग्विजय सिंह ने इस फोटो को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) और भारतीय जनता पार्टी की मजबूत संगठनात्मक शक्ति का प्रतीक बताया है। कुछ समय पहले पूर्व केंद्रीय मंत्री पी. चिदंबरम ने भी आरएसएस के संगठन क्षमता की तारीफ की थी।

Digvijay Singh News: पीएम मोदी और संघ के मुरीद हुए दिग्गी राजा
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर साझा किए गए पोस्ट में दिग्विजय सिंह ने लिखा कि यह तस्वीर उन्हें Quora वेबसाइट पर मिली है। उन्होंने पोस्ट में लिखा, 'यह फोटो दिखाती है कि किस तरह एक साधारण स्वयंसेवक, जो कभी वरिष्ठ नेताओं के चरणों में बैठता था, मजबूत संगठन और अनुशासित कैडर के दम पर पहले राज्य का मुख्यमंत्री और फिर देश का प्रधानमंत्री बना।' उन्होंने इसे RSS और भाजपा की संगठनात्मक क्षमता का जीवंत उदाहरण बताया।
उन्होंने इसी पोस्ट में आगे संगठन बनाने की जरूरत पर जोर देते हुए लिखा कि किसी भी राजनीतिक दल की असली ताकत उसके विचार, कैडर और संगठन में होती है। इतना ही नहीं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ने अपनी पोस्ट का अंत "जय सिया राम" लिखकर किया। सोशल मीडिया पर उनकी यह पोस्ट खूब सुर्खियां बटोर रही हैं।
Digvijay Singh ने राहुल गांधी को भी दी सलाह
दिग्विजय सिंह ने कांग्रेस के अंदर संगठनात्मक सुधारों की जरूरत पर जोर देते हुए राहुल गांधी को भी सलाह दी। बता दें कि दिग्गी राजा को राहुल गांधी का राजनीतिक गुरु कहा जाता है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ने राहुल गांधी को टैग करते हुए कहा कि सामाजिक और आर्थिक मुद्दों पर राहुल गांधी की समझ काफी मजबूत है और इसके लिए उन्हें पूरे नंबर दिए जाने चाहिए। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि अब समय आ गया है कि कांग्रेस पार्टी के संगठनात्मक ढांचे को भी उतनी ही गंभीरता से मजबूत किया जाए।
पोस्ट पर खुद कांग्रेस नेता ने दी सफाई
सोशल मीडिया पर पोस्ट वायरल होने के बाद दिग्विजय ने सफाई देते हुए कहा कि इस पोस्ट का कोई और उद्देश्य नहीं है। यह सिर्फ संगठन की ताकत की सराहना के लिए है, किसी व्यक्ति के लिए नहीं। दिग्विजय सिंह ने एक और पोस्ट में कांग्रेस में संगठन क्षमता में सुधार का भी सुझाव दिया है।












Click it and Unblock the Notifications