MP News: विधानसभा के विशेष सत्र में 1 घंटा 48 मिनट का विजन भाषण, विकसित मध्य प्रदेश की दिशा तय: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव
12 घंटे 45 मिनट के विशेष विधानसभा सत्र में, मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने विकसित मध्य प्रदेश के लिए एक व्यापक रोडमैप का अनावरण किया, जिसमें महिला सशक्तिकरण, कृषि कल्याण, औद्योगिक विकास, शिक्षा, शहरी और ग्रामीण विकास और टिकाऊ पर्यावरण प्रथाओं पर ध्यान केंद्रित किया गया।
मध्य प्रदेश विधानसभा के विशेष सत्र में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विकसित मध्य प्रदेश के विजन को विस्तार से प्रस्तुत करते हुए 1 घंटा 48 मिनट तक लगातार संबोधन किया। मुख्यमंत्री के इस विस्तृत और तथ्यपूर्ण भाषण को सदन में सत्ता पक्ष के साथ-साथ विपक्ष ने भी ध्यानपूर्वक सुना। यह सत्र प्रदेश की राजनीतिक और विधायी परंपरा में एक ऐतिहासिक दिन के रूप में दर्ज हो गया।

मध्य प्रदेश विधानसभा का यह विशेष अधिवेशन सुबह 11 बजे से शुरू होकर रात 11:45 बजे तक चला। कुल 12 घंटे 45 मिनट तक चले इस सत्र के दौरान भोजनावकाश भी नहीं हुआ। वर्ष 1956 में गठित विधानसभा अपने 70वें वर्ष में प्रवेश कर रही है, इसी अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर की पहल पर यह विशेष सत्र आयोजित किया गया, जिसमें "भविष्य का मध्य प्रदेश" विषय पर चर्चा की गई।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सभी सदस्यों के विचार सुनने के बाद जब अपना संबोधन शुरू किया, तो वे लगातार 1 घंटा 48 मिनट तक विकसित मध्य प्रदेश के रोडमैप पर बोले। उन्होंने प्रदेश के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और भौगोलिक परिप्रेक्ष्य के साथ भविष्य की विकास योजनाओं को सदन के सामने रखा।
मुख्यमंत्री ने महिला सशक्तिकरण, किसान कल्याण, औद्योगिकीकरण, रोजगार सृजन, शहरीकरण और ग्रामीण विकास के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण, जल संरचनाओं के संरक्षण और वन्यजीव संरक्षण पर सरकार की प्राथमिकताओं को स्पष्ट किया। उन्होंने बताया कि विकसित मध्य प्रदेश का निर्माण आधुनिक संसाधनों, मेट्रोपॉलिटन शहरों और विकसित गांवों के संतुलन के साथ किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सांदीपनी स्कूल केवल बुनियादी ढांचे तक सीमित नहीं होंगे, बल्कि यहां अंतरिक्ष विज्ञान, डेटा साइंस, खेल, कला, साहित्य और प्रशासनिक नेतृत्व तक के लिए विद्यार्थियों को तैयार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश का युवा केवल नौकरी चाहने वाला नहीं, बल्कि स्टार्टअप से लेकर एविएशन और तकनीक के क्षेत्र में नेतृत्व करने वाला बनेगा।
डॉ. मोहन यादव ने धार्मिक पर्यटन के साथ मेडिकल टूरिज्म को भी विकसित मध्य प्रदेश के विजन में शामिल बताया। उन्होंने कहा कि प्रदेश के वन क्षेत्र और जैव विविधता पहले से ही देश-विदेश के पर्यटकों को आकर्षित करते हैं और इसे सतत विकास के साथ आगे बढ़ाया जाएगा।
सरकार की उपलब्धियां सदन में गिनाईं
मुख्यमंत्री ने अपने भाषण में सरकार की प्रमुख उपलब्धियों का भी उल्लेख किया, जिनमें
* नई बस सेवाओं का विस्तार
* किसानों के हित में योजनाएं और भावांतर योजना
* पर्यटन क्षेत्र में रिकॉर्ड प्रगति
* वन्यजीव संरक्षण, जिसमें चीता परियोजना शामिल
* सिंचाई क्षेत्र में अभूतपूर्व वृद्धि
* युवाओं को सरकारी रोजगार
* लाड़ली बहना योजना की राशि में बढ़ोतरी
जैसे अहम कदम शामिल रहे।
किसानों के मुद्दों पर अलग विशेष सत्र की घोषणा
सत्र के दौरान मुख्यमंत्री ने किसानों के मुद्दों पर अलग से विशेष विधानसभा सत्र बुलाने की घोषणा की। इस प्रस्ताव का सदन के सभी सदस्यों ने समर्थन किया। इसे लोकतांत्रिक संवाद और किसान हितों के प्रति सरकार की गंभीरता का प्रतीक माना गया।
विशेष सत्र का समापन प्रदेश को समृद्ध, आत्मनिर्भर और विकसित बनाने के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रस्तुत यह विजन दस्तावेज आने वाले वर्षों में मध्य प्रदेश की विकास दिशा तय करने वाला माना जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications