अमेरिका तक फैला है राम रहीम का साम्राज्य, आंकड़े देखकर उछल जाएंगे आप
Recommended Video

नई दिल्ली। शुक्रवार को डेरा सच्चा सौदा के प्रमुख गुरमीत राम रहीम को लेकर अहम फैसला आने वाला है। इससे पहले हरियाणा और पंजाब में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पंचकुला की सीबीआई कोर्ट के फैसले से पहले बाबा के लाखों के समर्थक डेरा जमा चुके हैं। क्या आपको पता है कि आखिर डेरा सच्चा सौदा का साम्राज्य कितना बड़ा है। इसके आश्रम किन-किन देशों में हैं। पढ़िए उनसे जुड़े बड़े खुलासे...

डेरा के पास है 700 एकड़ खेती योग्य जमीन
डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम का साम्राज्य अमेरिका तक फैला है। उनके पास 700 एकड़ खेती योग्य जमीन है। भारत समेत दूसरे देशों में 250 आश्रम हैं। तीन अस्पताल, एक इंटरनेशनल आई बैंक, गैस स्टेशन, मार्केट कॉम्प्लेक्स का संचालन भी डेरा सच्चा सौदा की ओर से किया जाता है।

हरियाणा में है डेरा सच्चा सौदा का मुख्यालय
डेरा सच्चा सौदा की वेबसाइट पर नजर डालें तो पता चलता है कि ये गैर लाभकारी सामाजिक कल्याण और आध्यात्मिक संगठन है। इसका मुख्यालय हरियाणा के सिरसा में स्थित है। डेरा के भक्तों ने डेरा की ओर से निर्धारित सिद्धांतों का ध्यान रखना और उसका पालन करना सीख लिया है।

29 अप्रैल, 1948 में हुई थी स्थापना
डेरा सच्चा सौदा की स्थापना 29 अप्रैल, 1948 में की गई थी, जब शाह मस्ताना महाराज ने इसे स्थापित किया। शाह मस्ताना महाराज के बाद डेरा प्रमुख शाह सतनाम महाराज बने। उन्होंने 1990 में अपने अनुयायी बाबा गुरमीत सिंह को गद्दी सौंपी। इसके बाद बाबा गुरमीत का नाम संत गुरमीत राम रहीम सिंह कर दिया गया।

दुनियाभर में 6 करोड़ से ज्यादा अनुयायी हैं
68 साल से लगातार डेरा सच्चा सौदा का आश्रम संचालित है। अमेरिका, यूके, कनाडा, ऑस्ट्रेलिया से लेकर यूएई तक डेरा के आश्रम हैं। डेरा सच्चा सौदा के दुनियाभर में 6 करोड़ से ज्यादा अनुयायी बताए जाते हैं। इनमें करीब 25 लाख अनुयायी अकेले हरियाणा में हैं।

फिल्में भी बना चुके हैं डेरा प्रमुख राम रहीम
डेरा प्रमुख गुरमीत राम रहीम 15 अगस्त को अपना जन्मदिन मनाते हैं। इस बार उन्होंने अपना 50वां जन्मदिन मनाया। उनके काफिले और सुरक्षा को लेकर खास तैयारी रहती है। उनके काफिले में लग्जरी गाड़ियां चलती हैं। साथ ही बड़ी संख्या में सुरक्षाकर्मी भी तैनात रहते हैं। डेरा प्रमुख गुरमीत राम रहीम खुद फिल्में बनाते हैं और उसमें अभिनय भी करते हैं।












Click it and Unblock the Notifications