पंचकूला हिंसा: डेरे के 45 लोगों के खिलाफ नोटिस, आदित्य इंसां की तलाश जारी
हरियाणा पुलिस ने जिन 45 लोगों के खिलाफ नोटिस जारी किया है उस लिस्ट में विपश्यना इंसां, आदित्य इंसां, पीआर नैन समेत वकील एसके गर्ग भी शामिल हैं।
नई दिल्ली। हरियाणा पुलिस ने डेरा प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह को साध्वी रेप के मामलों में दोषी ठहराए जाने के बाद भड़की हिंसा के मामले में डेरा सच्चा सौदा समिति के 45 सदस्यों को नोटिस जारी किया है। पुलिस ने इन सभी को थाने में पेश होने को कहा है। डेरे के 45 लोगों की फोटो सहित डिटेल लिस्ट जारी की गई है। लिस्ट में शामिल लोगों को पुलिस जांच में शामिल होने के लिए नोटिस जारी किया गया है। वहीं पंचकूला के पुलिस कमिश्नर ने बताया कि आदित्य इंसा के देश से बाहर जाने की कोई पुख्ता जानकारी नहीं मिली है। उन्होंने कहा कि हनीप्रीत कि गिरफ्तारी से पहले दिल्ली और राजस्थान में रहने की जानकारी मिली है अभी जांच जारी है।

हरियाणा पुलिस ने जिन 45 लोगों के खिलाफ नोटिस जारी किया है उस लिस्ट में विपश्यना इंसां, आदित्य इंसां, पीआर नैन समेत वकील एसके गर्ग भी शामिल हैं। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, डेरे की एक हार्ड डिस्क बरामद की गई है और उसे जांच के लिए भेजा गया है। इस हार्ड डिस्क में डेरा की संपत्ति और हवाला सौदों सहित कथित तौर पर 700 करोड़ रुपये के लेनदेन की जानकारी है। इस 45 सदस्यीय समिति पर पंचकूला और अन्य स्थानों पर हिंसा भड़काने की साजिश रचने का आरोप है, जिसमें 38 लोगों की मौत हो गई थी और 264 लोग घायल हो गए थे।
आपको बता दें कि इस हार्ड डिस्क में राम रहीम की 700 करोड़ रुपये के लेन-देन का पता चला है। पुलिस ने इस हार्ड डिस्क को डिकोड भी कर लिया है। खास बात यह है कि इस हार्ड डिस्क के तार कई अहम लोगों से भी जुड़ते नजर आ रहे हैं। इसमें कुछ राजनेता भी शामिल हो सकते हैं। इसके साथ ही राम रहीम से जुड़ी कई और अहम जानकारियों का भी खुलासा हो सकता है। हनीप्रीत को लेकर भी इसमें कई जानकारियां हैं। इसकी वजह है कि राम रहीम के लेन-देन को वही देखती थी। इस तरह हनीप्रीत की भी मुश्किलें बढ़ सकती हैं।












Click it and Unblock the Notifications