'हिमाचल में भाजपा O और C गुट में बंटी, रच रही षड्यंत्र', डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री यूं लिया आड़े हाथ
हिमाचल प्रदेश के डिप्टी सीएम और कांग्रेस नेता मुकेश अग्निहोत्री ने बुधवार (04 दिसंबर) को भाजपा का आड़े हाथ लिया। उन्होंने कहा कि भाजपा विभिन्न गुटों में विभाजित होकर "गृहयुद्ध" के बीच में है। इतना ही नहीं, उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश भाजपा विपक्ष की भूमिका निभाने के बजाय षड्यंत्र रचने में लगी हुई है।
हिमाचल के डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री ने प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा में दो गुट हैं। एक है भाजपा (ओ) यानी 'भाजपा ओरिजिनल' जिसके नेता पार्टी के मूल नेता होने का दावा करते हैं। दूसरा है भाजपा (सी) यानी 'भाजपा कांग्रेस' जिसके नेता कांग्रेस छोड़ने के बाद पार्टी में शामिल हुए हैं।

ओ और सी में बंटी भाजपा चाहे जितनी कोशिश कर ले, कांग्रेस सरकार का कुछ नहीं बिगाड़ सकती है। इस दौरान उन्होंने कहा कि भाजपा में गृह युद्ध छिड़ा है और यह युद्ध धीरे-धीरे आगे बढ़ रहा है। भाजपा नेता कभी बंटी और बबली की बात कर रहे हैं तो कभी गोगा बोल रहे हैं। अब भाजपा का गोगा बनेगा।
उन्होंने कहा कि भाजपा का सत्ता से बाहर होने का दर्द साफ झलक रहा है। इस दौरान उन्होंने कहा कि भाजपा में कई ऐसे नेता हैं जिन्होंने कांग्रेस से पाला बदलने वालों को स्वीकार नहीं किया है। डिप्टी सीएम ने दावा किया कि भाजपा ने जिम्मेदार विपक्ष की भूमिका निभाने के बजाय राज्य सरकार को अस्थिर करने की पूरी कोशिश की।
कहा कि इसके नेता इस तथ्य को स्वीकार नहीं कर पा रहे हैं कि वह हिमाचल प्रदेश में सत्ता से बाहर है, जहां पिछले दो वर्षों से कांग्रेस का शासन है। भाजपा नेताओं पर राज्य के लिए वित्तीय सहायता रोकने के लिए दिल्ली जाने का आरोप लगाते हुए अग्निहोत्री ने केंद्र पर निशाना साधा।
साथ ही, दावा किया कि हिमाचल प्रदेश में पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) को बहाल करने के राज्य सरकार के फैसले के कारण केंद्र सरकार ने धनराशि में कटौती कर दी है। उन्होंने केंद्र पर प्राकृतिक आपदाओं के दौरान राज्य को दी जाने वाली वित्तीय सहायता में कटौती करने का भी आरोप लगाया।
अग्निहोत्री ने कहा, "कांग्रेस हिमाचल प्रदेश में सत्ता में बनी रहेगी। भाजपा कभी सत्ता में नहीं आएगी, चाहे उनके नेता कांग्रेस सरकार को अस्थिर करने के लिए कितने भी प्रयास क्यों न कर लें।" कहा कि बीबीएमबी का पैसा हिमाचल को नहीं मिल रहा है। केंद्र सरकार चाहे तो यह पैसा हिमाचल को मिल सकता है।












Click it and Unblock the Notifications