Delhi Violence: भारत ने ईरान के विदेश मंत्री के बयान पर दर्ज कराया विरोध, मुसलमानों को लेकर की थी टिप्पणी
नई दिल्ली। भारत ने ईरान के राजदूत अली चेगानी को मंगलवार को तलब किया है। विदेश मंत्रालय की तरफ से चेगानी को समन भेजा गया है। भारत ने ईरान के विदेश मंत्री जावेद जारीफ की तरफ से दिल्ली हिंसा पर आए बयान के बाद राजदूत को बुलावा भेजा है। गौरतलब है कि जारीफ ने राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में हुए दंगो को लेकर ट्वीट किया था।

भारत के आतंरिक मसलों से दूर रहें
विदेश मंत्रालय के सूत्रों की ओर से बताया गया है कि भारत ने ईरानी राजदूत के सामने यह स्पष्ट कर दिया है कि उसे विदेश मंत्री का बयान स्वीकार नहीं है। साथ ही यह भी साफ-साफ बता दिया है कि जारीफ को भारत के आतंरिक मामलों से दूर रहना चाहिए। जावेद जारीफ ने ट्वीट किया था और दिल्ली में हुई हिंसा पर अपनी प्रतिक्रिया दी थी। यह पहला मौका है जब ईरान की तरफ से भारत में हुई घटनाओं पर इस तरह की प्रतिक्रिया दी गई है। आपको बता दें कि पिछले दिनों नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) के विरोध में राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में दंगे भड़क गए थे। इन दंगों में 47 लोगों की मौत हो गई थी। ईरान के विदेश मंत्री जावेद जारीफ ने सोमवार को ट्वीट किया था।
विदेश मंत्रालय ने किया था आगाह
अपनी ट्वीट में जारीफ ने कहा था, 'कई सदियों से ईरान, भारत का दोस्त रहा है। हम भारतीय अथॉरिटीज से अनुरोध करते हैं कि वह सभी भारतीयों की सुरक्षा को सुनिश्चित करे और किसी भी तरह के मूर्खतापूर्ण कृत्य को होने से रोके।' ईरान ने आगे कहा है कि इसका रास्ता शांतिपूर्ण वार्ता और कानून से होकर जाता है। कुछ दिनों पहले विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रवीश कुमार की तरफ से दिल्ली हिंसा पर आने वाले बयानों पर सरकार की तरफ से आगाह किया था। रवीश कुमार ने कहा था कि कानूनी एजेंसियां अपना काम कर रही हैं और वे यह तय करने में लगी हैं कि हिंसा पर लगाम लगे। इसके साथ ही उन्होंने कहा था कि सरकार की तरफ से यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि देश में विश्वास और साधारण स्थिति की बहाली हो। विदेश मंत्रालय की तरफ से अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं से यह अनुरोध किया गया था कि ऐसे नाजुक मौके पर वे गैर-जिम्मेदाराना बयान देकर स्थिति को जटिल न बनाएं।












Click it and Unblock the Notifications