सिद्धू मूसेवाला मर्डर केस में शूटर के सहयोगी को 14 दिन की पुलिस रिमांड, पुणे से हुई है गिरफ्तारी
नई दिल्ली, जून 08। पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला मर्डर केस में दिल्ली पुलिस ने पुणे पुलिस के साथ मिलकर पहली गिरफ्तारी की है। दरअसल, दिल्ली पुलिस की स्पेशल यूनिट ने पुणे से सिद्धू मर्डर केस में फरार चल रहे आरोपी सिद्धेश कांबले उर्फ सौरभ उर्फ महाकाल को पुणे-अहमदनगर बॉर्डर के पास संगमनेर से अरेस्ट किया गया है। दिल्ली पुलिस के अधिकारियों ने बताया है कि सिद्धेश को गिरफ्तारी के बाद अदालत के सामने पेश किया गया, जहां से उसे 14 दिन की पुलिस रिमांड में भेज दिया गया है।
पुलिस के अधिकारियों ने बताया है कि सिद्धेश एक शार्प शूटर का करीबी है, लेकिन वो सिद्धू मूसेवाला की हत्या में शामिल नहीं था। रिपोर्ट के मुताबिक, दिल्ली पुलिस और पुणे पुलिस ने सिद्धेश कांबले को मकोका के मामले में अरेस्ट किया है। यह मामला ओंकार उर्फ रान्या अन्नासाहेब बांखेले की हत्या का है। महाकाल को बुधवार को गिरफ्तार किया गया था, जबकि एक अन्य आरोपी संतोष सुनील जाधव अभी भी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के बाद, महाकाल को पुणे के शिवाजी नगर अदालत में पेश किया गया और 20 जून तक क्राइम ब्रांच की हिरासत में भेज दिया गया।
पुणे ग्रामीण पुलिस के अधीक्षक डॉ अभिनव देशमुख ने इस गिरफ्तारी से संबंधित जानकारी देते हुए कहा है कि जाधव इस मामले का मोस्ट वॉन्टेंड आरोपी है। उसके खिलाफ वॉरंट जारी किया जा चुका है। जाधव के महाकाल के साथ रहने की सूचना मिलने के बाद पुलिस की एक टीम ने महाकाल को रोका और उसे गिरफ्तार कर लिया। अब जाधव की तलाश की जा रही है।
सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड की जांच कर रही पंजाब एसआईटी की एक टीम के पुणे जाने और महाकाल से पूछताछ करने की संभावना है।
ये भी पढ़ें: लॉरेंस बिश्नोई है सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड का मास्टरमाइंड, दिल्ली पुलिस का खुलासा