दिल्ली में स्वतंत्रता दिवस पर होंगे कड़े सुरक्षा इंतजाम, कमिश्नर ने की स्पेशल मीटिंग
नई दिल्ली, 4 अगस्त: स्वतंत्रता दिवस समारोह में अब दो हफ्ते से भी कम का वक्त बचा है। ऐसे में दिल्ली पुलिस ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। जिसके तहत दिल्ली पुलिस कमिश्नर राकेश अस्थाना ने बुधवार को एक अहम बैठक की। जिसमें कई बड़े पुलिस अधिकारी शामिल हुए। दिल्ली पुलिस के मुताबिक दिल्ली-एनसीआर में स्वतंत्रता दिवस पर कड़ा पहरा रहेगा। इसको लेकर कमिश्नर ने पुलिस मुख्यालय में एक अंतरराज्यीय समन्वय बैठक की। जिसमें कई पहलुओं पर विस्तार से चर्चा हुई।

न्यूज एजेंसी एएनआई ने सूत्रों के हवाले से बताया कि बैठक में सभी जोन के स्पेशल सीपी मौजूद रहे। सबसे पहले लॉ एंड ऑर्डर पर चर्चा की गई। इसके बाद एक अहम मुद्दा उठा। जिसमें कमिश्नर ने कहा कि जो भी जवान लॉ एंड ऑर्डर व्यवस्थित करने में लगेंगे, उनके लिए सभी बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं। इसके अलावा लाल किले के आसपास भी कड़े इंतजाम किए जाएंगे।
किसान आंदोलन सबसे बड़ी चुनौती
इस साल दिल्ली पुलिस ने गणतंत्र दिवस के मौके पर किसानों को ट्रैक्टर रैली निकालने की इजाजत दी थी। शुरू में तो सब सही था, लेकिन दोपहर के वक्त बहुत से प्रदर्शनकारी तय रूट को छोड़कर लालकिले की ओर मुड़ गए। इसके बाद आईटीओ और लालकिले पर जमकर हिंसा हुई। किसानों का आंदोलन अभी भी जारी है। ऐसे में दिल्ली पुलिस चाहती है कि इस बार पहले वाली गलती ना हो।












Click it and Unblock the Notifications