नाबालिग को भारी पड़ा नई बनी सड़क पर चलना, दो युवकों ने गले पर मार दी गोली
नई दिल्ली। दिल्ली के समयपुर बादली इलाके से अजीबोगरीब खबर सामने आई है। यहां एक नाबालिग को केवल इसलिए गोली मारी दी गई क्योंकि वह नई बनी सड़क पर चल रहा था। पुलिस ने उसे बुरी हालत में अस्पताल में भर्ती कराया है और उसकी स्थिति अब स्थिर बनी हुई है। मामले में पुलिस ने केस दर्ज किया है और आस पास के लोगों की मदद से आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी दो युवकों की पहचान हिमांशू उर्फ टीना और जयभगवान के रूप में हुई है। पुलिस ने इस हमले में इस्तेमाल किया गया हथियार भी बरामद कर लिया है।
पुलिस ने जानकारी दी है कि नाबालिग पीड़ित अपने परिवार के साथ जीवन पार्क सिरसपुर इलाके में रहता है। वह पास के स्कूल में 9वीं कक्षा में पढ़ता था। जख्मी हालत में अस्पताल में पुलिस को दिए एक बयान में उसने कहा कि दोपहर को करीब 2 बजे वह जामुन खाने के लिए सिरसपुर की ओर गया था। रास्ते में छतरी चौक पर सड़क बन रही थी। लौटते हुए वह ताजा बनी सड़क पर चढ़ गया। इससे सड़क थोड़ी सी खराब हो गई। पास खड़े दो युवकों ने उसे आवाज देकर बुलाया और डांटकर थप्पड़ जड़ दिया।
उनसे छूटा तो पीड़ित दोनों को गाली देकर भाग गया। इसके बाद आगबबूला हुए दोनों युवकों ने उसका कार से पीछा किया और कुछ दूर जाकर उसे धर लिया। दोनों में से एक ने कार से पिस्टल निकाली और नबालिग पर गोली चला दी। गोली लड़के की गर्दन पर लगी और वह बेहोश होकर सड़क पर गिर गया। आस पास के लोग गोली की आवाज सुनकर पहुंचे। ये देखकर आरोपियों ने भागने की कोशिश की तो लोगों ने उन्हें पकड़ लिया और बुरी तरह पीटा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपियों को गिरफ्तार किया और पीड़ित को अस्पताल पहुंचाया।
यह भी पढ़ें- रोहित शेखर की हत्या में अपूर्वा के खिलाफ वीडियो बना अहम सबूत, रोहित ने अपने फोन से किया था शूट