दिल्ली सरकार ने विभागों में किया बड़ा उलटफेर, आतिशी और सौरभ भारद्वाज के डिपार्टमेंट बदले
दिल्ली सरकार ने बुधवार को अपने मंत्रियों के विभागों में बड़ा फेरबदल किया है। आतिशी और सौरभ भारद्वाज के विभाग एक-दूसरे से बदले गए है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की सरकार ने आतिशी को जल विभाग आवंटित किया है, जो कि पहले सौरभ भारद्वाज के पास था।
दिल्ली की आम आदमी पार्टी की सरकार ने इसी तरह से सौरभ भारद्वाज को पर्यटन, कला और संस्कृति विभाग की जिम्मेदारी दी है। ये सारे विभाग पहले आतिशी देख रही थीं।

दिल्ली सरकार के दो मंत्रियों के विभागों में फेरबदल
न्यूज एजेंसी एएनआई की रिपोर्ट में कहा गया है कि 'दिल्ली सरकार में मंत्री आतिशी को मंत्री सौरभ भारद्वाज की जगह जल विभाग आवंटित किया गया है। जबकि, पर्यटन, कला एवं संस्कृति विभाग मंत्री आतिशी की जगह भारद्वाज देखेंगे।'
आतिशी और भारद्वाज के अन्य विभाग पहले की तरह उनके पास रहेंगे
हालांकि, आतिशी पहले की तरह ही शिक्षा, पीडब्ल्यूडी और ऊर्जा विभाग देखती रहेंगी। जबकि सौरभ भारद्वाज के पास भी स्वास्थ्य, शहरी विकास विभाग पहले की तरह बने रहेंगे। जानकारी के मुताबिक दोनों मंत्रियों के विभाग बदलने वाली फाइल उपराज्यपाल वीके सक्सेना को मंजूरी के लिए बढ़ाई थी, जिन्होंने उसपर मुहर लगा दी है।
इसी साल मार्च में आतिशी और भारद्वाज बने हैं मंत्री
अरविंद केजरीवाल सरकार ने इन दोनों नेताओं को अपनी कैबिनेट में इसी साल 9 मार्च में जगह दी थी। जब पूर्व मंत्री मनीष सिसोदिया और सत्येंद्र जैन ने भ्रष्टाचार के मामले सामने आने के बाद अपने-अपने विभागों को छोड़ दिया था।
सौरभ भारद्वाज 2013 से ही दिल्ली में आम आदमी पार्टी के एमएलए हैं। वे पहले दिल्ली जल बोर्ड के अध्यक्ष का पद भी संभाल चुके हैं। वहीं आतिशी पहले सिसोदिया की सलाहकार के तौर पर कार्य करती थीं। जैन और सिसोदिया के इस्तीफे के बाद दो मंत्रियों का पद खाली हो गया था और तब जाकर सीएम की सिफारिश पर इन दोनों को दिल्ली में मंत्री पद की जिम्मेदारी दी गई और अहम विभागों का जिम्मा सौंपा गया।












Click it and Unblock the Notifications