दिल्ली में फूड सेफ्टी डिपार्टमेंट की बड़ी कार्रवाई, इस बाजार से 1000 Kg नकली घी जब्त
नई दिल्ली। दिल्ली में खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लाहौरी गेट के पास श्रद्धानंद बाजार में छापेमारी की और इस दौरान 1,060 किलोग्राम नकली घी जब्त कर लिया। अधिकारियों ने 'गोवर्धन' ब्रांड के नाम पर बेचे जा रहे घी के 60 कार्टून को जब्त किया। ये छापेमारी उस कंपनी की शिकायत पर की गई जिसके नाम पर नकली घी का कारोबार चल रहा था। पुलिस ने इस मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

दिल्ली के खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारी रंजीत सिंह ने बताया कि कुछ पैकेट खोले जा चुके थे। हमने दुकान में जो कुछ भी था उसे जब्त कर लिया। उन्होंने कहा कि खाद्य सुरक्षा लैब में परीक्षण के लिए नमूने भी भेज दिए गए हैं। घी बनाने वाली कंपनी 'गोवर्धन' के कार्पोरेट हेड दिनेश भटनागर ने बताया कि कई ग्राहकों से शिकायतें मिल रही थीं कि हमारे घी की क्वालिटी खराब है।
उन्होंने कहा कि हमें ये भी मालूम हुआ कि कंपनी के मार्केट रेट से 100 रु प्रति किलो कम पर घी बिक रहा है। उन्होंने कहा कि जब इसके सैंपल हमें मिले तो हमने पाया कि ये नकली घी है जो हमारी कंपनी के नाम पर बेचा जा रहा है। उन्होंने कहा कि नकली घी बनाने वालों का लोगो कंपनी के लोगो थोड़ा सा अलग था।
भटनागर ने बताया कि हमारे प्रोडक्ट पर Parag Milk Foods Ltd है जबकि उनके प्रोडक्ट पर Parag Milk Food Ltd था। इसके बाद हम लोगों ने इसकी शिकायत दर्ज कराई थी। सूत्रों के मुताबिक, घी खाद्य सुरक्षा मानकों पर खरा नहीं हुआ है हालांकि, भेजे गए सैंपल की लैब रिपोर्ट आनी बाकी है। पिछले कुछ महीनों में खाद्य सुरक्षा विभाग ने दूध और दूध से बनने वाले खाद्य पदार्थों के 161 को मानकों के अनुसार नहीं पाया है।
पढ़ें लोकसभा चुनाव की विस्तृत कवरेज












Click it and Unblock the Notifications