दिल्ली की अदालत ने पहलवान बजरंग पुनिया को किया तलब, कुश्ती कोच ने दायर किया मानहानि का मामला
Bajrang Punia Summons: दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट ने ओलंपिक पदक विजेता पहलवान बजरंग पुनिया को तलब किया है। कुश्ती कोच नरेश दहिया द्वारा दायर मानहानि मामले में बजरंग पुनिया को तलब किया है। अदालत ने बजरंग पुनिया को बतौर आरोपी 6 सितंबर को तलब किया है।
शिकायतकर्ता नरेश दहिया ने आपराधिक मानहानि शिकायत के माध्यम से कहा कि 10 मई को जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन के दौरान बजरंग पुनिया ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में उनके खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी की थी। इसके बाद नरेश दहिया ने उनके खिलाफ मानहानि का मुकदमा किया है।

दिग्गज पहलवान बजरंग पुनिया, साक्षी मलिक, विनेश फोगाट समेत कई पहलवानों ने बृजभूषण सिंह के खिलाफ यौन उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए दिल्ली के जंतर-मंतर पर कई दिनों तक विरोध प्रदर्शन किया था। इस दौरान उन्होंने कुश्ती कोच के खिलाफ भी टिप्पणी की थी। इसी मामले में कुश्ती कोच ने उनके खिलाफ मानहानि का मुकदमा दायर किया था।
दिल्ली पुलिस ने बृजभूषण सिंह के खिलाफ चार्जशीट दायर की थी। गिरफ्तारी के बाद उन्हें बेल मिल गई। वे अभी बेल पर बाहर हैं। कुश्ती महासंघ के चुनाव में इस बार बृजभूषण सिंह के परिवार से कोई चुनाव नहीं लड़ रहे हैं। लेकिन उनके समर्थकों ने नामांकन दाखिल किया है।
वहीं, दिल्ली उच्च न्यायालय ने एशियन गेम्स 2023 में बजरंग पुनिया और विनेश फोगाट को सीधे प्रवेश दे दिया है। बजरंग पुनिया को मिली छूट के खिलाफ दायर याचिका को हाईकोर्ट ने खारिज कर दिया था। दोनों दिग्गज पहलवानों के सीधे प्रवेश के खिलाफ अंतिम पंघाल और सुजीत कलकल ने याचिका दायर की थी। दिल्ली हाईकोर्ट ने याचिका को खारिज कर दिया था। भारतीय कुश्ती महासंघ (डब्ल्यूएफआई) ने एशियाई खेलों 2023 में बजरंग पुनिया और विनेश फोगाट को सीधे प्रवेश दिया था। पहलवानों के सीधे प्रवेश के खिलाफ याचिका दायर की गई थी।












Click it and Unblock the Notifications