टीवी एंकर सुहैब इलियासी को उम्रकैद की सजा, 17 साल पहले की थी पत्नी की हत्या
Recommended Video
नई दिल्ली। मशहूर टीवी रियलिटी शो, 'इंडियाज मोस्ट वांटेड' के एंकर सुहैब इलियासी को दिल्ली की कड़कड़डूमा कोर्ट ने उम्रकैद की सजा सुनाई है। सुहैब इलियासी को उनकी पत्नी के हत्या के मामले में कोर्ट ने 16 दिसंबर को दोषी करार दिया था। बता दें कि बीते 17 सालों से यह मामला अदालत में था।
लव मैरिज हुई थी शादी
बता दें कि इंडियाज मोस्ट वांटेड शो के होस्ट सुहैब एक समय टीवी पर बेहद लोकप्रिय थे। सुहैब ने अपने कॉलेज की दिनों की साथी अंजू से शादी की थी। 10 जनवरी, 2000 को सुहैब के मयूर विहार फ्लैट में उनकी पत्नी अंजू की लाश मिली थी। सुहैब ने उस वक्त लोगों को बताया कि उनकी पत्नी डिप्रेशन में थी और उसने खुद के पेट में कैंची घोंपकर आत्महत्या कर ली। इस मामले में नया मोड़ तब आया जब अंजू की बहन ने सुहैब पर दहेज और अंजू को प्रताड़ित करने का आरोप लगाते हुए पुलिस में केस दर्ज करवाया।
दिल्ली हाईकोर्ट ने दिया था जांच का आदेश
अंजू की बहन के आरोप के बाद 28 मार्च, 2000 को सुहैब को पुलिस ने गिरफ्तार किया। यह मामला तभी से अदालत में था। शुरू में इस मामले को सिर्फ दहेज से जोड़कर देखा जा रहा था लेकिन 2014 में दिल्ली हाईकोर्ट ने अंजू की मां की पिटीशन पर ट्रायल कोर्ट को ऑर्डर दिया कि इसे हत्या के मामले के तौर पर भी देखे।
टीवी की दुनिया का स्टार था सुहैब इलियासी
दिल्ली का रहने वाला सुहैब लंदन में टीवी एशिया में काम कर चुका है। 1996 में सुहेब ने भारत में क्राइम बेस्ड रिएलिटी शो 'इंडियाज मोस्ट वांटेड' शुरू किया। ये शो जल्दी ही देशभर में मशहूर हो गया। सुहैब टीवी की दुनिया के सबसे लोकप्रिय चेहरे बन गए। 2000 तक सुहेब टीवी की दुनिया के स्टार बन चुके थे, इसी दौरान पत्नी की हत्या मामले में उनका नाम आया और उनकी गिरफ्तारी हुई।
ये भी पढ़ें- झारखंड के 3 जिलों को अलग देश घोषित करने की थी तैयारी, 45 गिरफ्तार, इलाके में कर्फ्यू