और ज्यादा जहरीली होती जा रही है दिल्ली की हवा, केजरीवाल ने बुलाई इमरजेंसी मीटिंग
जहरीली हवा और रिकॉर्डतोड़ प्रदूषण पर चिंता जाहिर करते हुए केंद्र सरकार ने इसे इमरजेंसी करार दिया है।
नई दिल्ली। स्मॉग ने पूरी दिल्ली को अपने चपेट में ले लिया है। जहरीली हवा और रिकॉर्डतोड़ प्रदूषण पर चिंता जाहिर करते हुए केंद्र सरकार ने इसे इमरजेंसी करार दिया है। सोमवार को दिल्ली और उसके पड़ोसी राज्यों (यूपी, हरियाणा और पंजाब) के पर्यावरण मंत्रियों की मीटिंग बुलाई है, जबकि दिल्ली में प्रदूषण को लेकर सीएम केजरीवाल ने आज अपने घर पर कैबिनेट की आपातकालीन बैठक बुलाई है।

केंद्रीय पर्यावरण मंत्री अनिल माधव दवे ने कहा, 'प्रदूषण से दिल्ली में इमरजेंसी के हालात हैं. ये स्थिति खासकर बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों के लिए बेहद खतरनाक है। हमें इससे निपटने के लिए जल्द से जल्द कदम उठाने होंगे।' अनिल माधव ने अपील की है कि दिल्ली के प्रदूषण को लेकर कोई भी राजनीतिक पार्टी आरोप-प्रत्यारोप का खेल ना खेले और इस समस्या से निपटने में सहयोग करे।
अनिल दवे ने कहा कि स्थिति 'बहुत ही खराब' है और इससे निपटने के लिए तत्काल अल्पकालिक उपाय करने की जरूरत है। दवे ने कहा कि उन्होंने केजरीवाल के साथ 'आपातकालीन उपायों' पर चर्चा की, जिसमें धूल, प्रदूषण और फसल जलाने पर नियंत्रण के तरीके शामिल थे।
टूटा 17 सालों का रिकॉर्ड
दिल्ली और एनसीआर के कई इलाकों में ये धुंध फैली हुई है। मौसम विभाग के मुताबिक दीवाली के बाद बढ़े प्रदूषण की वजह से ये धुंध काफी खतरनाक हो गई है। वातावरण में प्रदूषण इतना ज्यादा है कि पिछले 17 सालों में इसे सबसे अधिक बताया जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications