राशन कार्ड पर सियासी घमासान, अरविंद केजरीवाल ने PMO पर साधा निशाना
नई दिल्ली। दिल्ली की अरविंद केजरीवाल सरकार ने एक बार फिर से केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार पर निशाना साधा है। इस बार मामला राशन कार्ड से जुड़ा हुआ है। दरअसल राजधानी में राशन वितरण प्रणाली से करीब ढ़ाई लाख लोगों के नाम हटाए जाने को लेकर सियासत गरमा गई है। दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने इसके पीछे प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) का हाथ होने का आरोप लगाया है। साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री कार्यालय पर निशाना साधा है। हालांकि पूरे मामले में बीजेपी ने दिल्ली की आम आदमी पार्टी सरकार पर ही पलटवार किया है।

बीजेपी ने पूरे मामले में दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें तुरंत राशन वितरण की इलेक्ट्रॉनिक प्वाइंट ऑफ सेल (ई-पीओएस) प्रणाली को फिर से शुरू करना चाहिए और घर-घर राशन पहुंचाने की योजना का ड्रामा बंद करना चाहिए। बीजेपी का ये पलटवार अरविंद केजरीवाल के उस बयान के बाद आया जिसमें उन्होंने ढाई लाख राशन कार्ड रद्द करने के मामले में पीएमओ पर निशाना साधा था।
बता दें कि दिल्ली सरकार ने पिछले सोमवार को आरोप लगाया था कि फूड कमिश्नर मोहनजीत सिंह ने बिना उचित निरीक्षण के करीब 2.9 लाख राशन कार्ड रद्द करने का फैसला लिया था। हालांकि दिल्ली सरकार के आरोपों को खारिज करते हुए मोहनजीत सिंह ने बताया कि "उचित कानूनी प्रक्रिया" के बाद 2.48 लाख "अपात्र" राशन कार्डधारकों का नाम हटाया गया है।












Click it and Unblock the Notifications