'AAP को कवर करने की कोई जरूरत नहीं', केजरीवाल ने लगाया पीएम सलाहकार पर मीडिया को धमकाने का आरोप
नई दिल्ली, 18 सितंबर: आम आदमी पार्टी (आप) के संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने रविवार को पार्टी के पहले राष्ट्रीय जनप्रतिनिधि सम्मेलन को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी को अब लोग देशभर में पसंद कर रहे हैं। कार्यक्रम के दौरान अपने भाषण में अरविंद केजरीवाल ने प्रधानमंत्री के मीडिया सलाहकार पर मीडिया को धमकाने का भी आरोप लगाया।

मीडिया सलाहकार पर धमकाने का आरोप
रविवार को पहले राष्ट्रीय जनप्रतिनिधि सम्मेलन को संबोधित करते हुए दिल्ली के मुख्यमंत्री और आप संयोजक अरविंद केजरीवाल ने पीएम मोदी के मीडिया सलाहकार पर मीडिया को धमकाने का आरोप लगाया। केजरीवाल ने अपने बयान में कहा, "प्रधानमंत्री कार्यालय में काम करने वाले हिरेन जोशी नाम के एक सज्जन हैं। वह प्रधानमंत्री के मीडिया सलाहकार हैं। बड़े समाचार चैनलों के ए़डिटर और मालिकों ने मुझे गंदी गालियां और धमकी भरे नोट दिखाए हैं।"
''हम यह कर देंगे,हम वो कर देंगे''
केजरीवाल ने आरोप लगाया कि जोशी यह कहते हुए मैसेज भेजते हैं कि 'अगर आप केजरीवाल को अपने चैनल पर दिखाएंगे तो हम यह कर देंगे,हम वो कर देंगे, AAP को कवर करने की कोई जरूरत नहीं है, आप अपने चैनल का दुरुपयोग कर रहे हैं।" केजरीवाल ने सवाल पूछते हुए कहा कि क्या आप लोगों को धमकाकर देश को ऐसे ही चलाएंगे। ऐसे देश कैसे तरक्की करेगा?
केजरीवाल ने आगे कहा कि आज मैं हिरेन जोशी जी से कहना चाहता हूं कि अगर कोई आपके द्वारा इन संपादकों को भेजे गए संदेशों के स्क्रीनशॉट सोशल मीडिया पर लीक कर देता है, तो आप और प्रधानमंत्री इस देश में अपना चेहरा नहीं दिखा पाएंगे। बता दें कि पहली बार रविवार को राष्ट्रीय जनप्रतिनिधि सम्मेलन में देशभर से आप पार्टी के सभी निर्वाचित प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। पार्टी ने संगठन को मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा करने के लिए बैठक बुलाई गई थी।












Click it and Unblock the Notifications