Ground Report:‘प्राइवेट पार्ट पर मारा, गोलियां चलवा दो-हटेंगे नहीं’, बीच इंटरव्यू CJP प्रोटेस्टर्स को घसीटा
Delhi CJP Protest Oneindia Ground Report: दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को वापस लेने की मांग को लेकर शनिवार, 10 अक्टूबर को दिनभर विरोध प्रदर्शन हुए। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने सुबह 10 बजे जंतर-मंतर पर प्रदर्शन का आह्वान किया था, लेकिन शाम 5 बजे तक उसके समर्थक वहां नहीं पहुंच सके। पुलिस ने कई जगहों पर 3 से 5 लेयर की बैरिकेडिंग कर रखी थी। प्रदर्शनकारियों को रोकने के दौरान कुछ स्थानों पर धक्का-मुक्की और झड़पें भी हुईं।
CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके, सौरव दास और आशुतोष रांका को सुबह दिल्ली एयरपोर्ट पर हिरासत में लिए जाने की जानकारी सामने आई। इसके बाद प्रदर्शन में शामिल होने की कोशिश कर रहे कई राजनीतिक नेताओं, छात्र संगठनों के कार्यकर्ताओं और समर्थकों को भी हिरासत में लिया गया। जानकारी के मुताबिक, हिरासत में लिए गए लोगों की संख्या 3,500 तक सामने आई है।

Oneindia Ground Report के दौरान प्रदर्शनकारियों ने पुलिस की कार्रवाई पर गंभीर आरोप लगाए। एक प्रदर्शनकारी ने कहा कि सिर फोड़ने, कपड़े फाड़ने और निजी अंगों पर मारने जैसी घटनाओं के बावजूद वे पीछे नहीं हटेंगे। चाहें हमपर गोलियों क्यों न चलवा दो। वहीं, CPI(ML) के महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य ने आरोप लगाया कि सरकार प्रदर्शनकारियों से डर रही है और मुख्य चुनाव आयुक्त को बचाने की कोशिश कर रही है। उधर, दिल्ली हार्ट में Oneindia को इंटरव्यू देते वक्त ही, एक बुजुर्ग को पुलिस धारा 163 लागू बताते हुए घसीट ले गई, और वैन में ठूंस दिया। आइए आपको रूबरू कराते हैं, ग्राउंड रिपोर्ट में क्या-क्या हकीकत कैद हुई...
'गोलियां चलवा दो, हम हटेंगे नहीं'

दिल्ली में प्रदर्शन के दौरान AISA के एक कार्यकर्ता ने Oneindia से बातचीत में पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए। उसने कहा कि जब तक मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा नहीं होता, SIR वापस नहीं लिया जाता और मतदाता सूची से कथित तौर पर नाम हटाए जाने के मामले में जवाब नहीं मिलता, तब तक प्रदर्शन जारी रहेगा। प्रदर्शनकारी ने आरोप लगाया कि पुलिस ने प्रदर्शनकारियों के सिर फोड़े, कपड़े फाड़े और निजी अंगों पर भी चोट पहुंचाई। उसने कहा कि पुलिस की कार्रवाई के बावजूद प्रदर्शनकारी पीछे हटने वाले नहीं हैं। उसने कहा, 'हमारे ऊपर गोलियां चलवा दो, हम हटेंगे नहीं।' प्रदर्शनकारी ने यह भी बताया कि वह CJP के संगठन और उसके काम करने के तरीके से प्रभावित है। हालांकि, पुलिस पर लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और दिल्ली पुलिस का पक्ष भी इस मामले में महत्वपूर्ण है।
नेहा बोरा, प्रशांत भूषण और योगेंद्र यादव ने निकाला मार्च, हिरासत में
AISA की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा बोरा, वरिष्ठ वकील प्रशांत भूषण, सामाजिक कार्यकर्ता योगेंद्र यादव और CPI(ML) के महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य समेत कई लोग विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने INA और AIIMS के आसपास से जंतर-मंतर की ओर मार्च करने की कोशिश की। इस दौरान पुलिस ने कई स्थानों पर उन्हें रोकने के लिए बैरिकेडिंग की। प्रदर्शनकारियों के आगे बढ़ने पर पुलिस बल भी तैनात रहा। नेहा बोरा को हिरासत में लिए जाने के बाद समर्थकों ने पुलिस वाहन को घेर लिया। इस घटनाक्रम के दौरान मौके पर तनाव की स्थिति बनी रही।
'सरकार डरी हुई है', दीपांकर भट्टाचार्य का आरोप

सफदरजंग फ्लाईओवर के पास Oneindia से बातचीत में CPI(ML) के महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य ने कहा कि प्रदर्शनकारियों के मन से डर निकल चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार लोगों के विरोध से घबरा रही है और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को बचाने की कोशिश कर रही है। उनके मुताबिक, पहले हुए विरोध प्रदर्शनों ने लोगों के मन से डर कम किया है। दीपांकर भट्टाचार्य के बयान को विपक्षी नेताओं की राजनीतिक प्रतिक्रिया के रूप में देखा जाना चाहिए। सरकार और संबंधित अधिकारियों का पक्ष सामने आने पर मामले की तस्वीर और स्पष्ट हो सकती है।
CJP की लीगल अफेयर्स हेड रत्ना सिंह ने क्या कहा?
CJP ने अपनी लीगल अफेयर्स हेड रत्ना सिंह का एक वीडियो साझा किया। इसमें वह वीडियो कॉल पर बातचीत के दौरान बताती हैं कि सुबह उनके घर पुलिस पहुंची थी। रत्ना सिंह के मुताबिक, पुलिसकर्मियों ने उनसे कहा कि उन्हें ऊपर से आदेश मिला है और उन्हें घर पर ही रहने के लिए कहा गया। उन्होंने दावा किया कि वह कार से नहीं उतरीं और पुलिसकर्मियों ने उनकी कार को घेर रखा था। उनके अनुसार, कार में तीन महिलाएं मौजूद थीं। यह रत्ना सिंह का दावा है। पुलिस की ओर से इस घटनाक्रम पर आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आने के बाद ही पूरे मामले की पुष्टि हो सकेगी।

आकाशवाणी भवन के पास पत्थरबाजी, दो पुलिसकर्मी घायल
प्रदर्शन के दौरान आकाशवाणी भवन के पास पत्थर फेंके जाने की घटना सामने आई। रिपोर्ट के मुताबिक, इसमें दो पुलिसकर्मी घायल हुए। कुछ स्थानों पर प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेडिंग तोड़ने की कोशिश भी की।
इम्तियाज खान मार्ग पर SFI कार्यकर्ताओं के विरोध मार्च के दौरान पुलिस बैरिकेड गिराने की तस्वीरें भी सामने आईं। कई इलाकों में पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की हुई। पुलिस का कहना था कि प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी गई थी और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए बैरिकेडिंग की गई थी। ऐसे में प्रदर्शनकारियों को निर्धारित इलाकों में पहुंचने से रोकने के लिए कार्रवाई की गई।
बुजुर्ग को पैर से घसीटने का वीडियो सामने आया

दिल्ली हाट के पास एक बुजुर्ग प्रदर्शनकारी को हिरासत में लिए जाने का दृश्य Oneindia के कैमरे में कैद हुआ। वीडियो में पुलिसकर्मी बुजुर्ग को पैर से घसीटते हुए ले जाते दिखाई दिए। यह दृश्य पुलिस की कार्रवाई के तरीके पर सवाल खड़े करता है। हालांकि, घटना की पूरी परिस्थितियों, बुजुर्ग की पहचान और पुलिस की प्रतिक्रिया की पुष्टि होना बाकी है।
क्या है पूरे प्रदर्शन की वजह?
CJP ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और SIR को वापस लेने की मांग को लेकर प्रदर्शन का आह्वान किया था। पार्टी ने मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों और पात्र मतदाताओं के नाम हटाए जाने से जुड़े सवाल उठाए हैं। प्रदर्शन के दौरान छात्र संगठनों, वामपंथी दलों और विपक्षी नेताओं ने भी अपनी मांगें रखीं। कई स्थानों पर हिरासत की कार्रवाई हुई, जबकि कुछ जगहों पर पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच टकराव देखने को मिला।


Click it and Unblock the Notifications
