इंस्टाग्राम पर एक्टिव हुए अरविंद केजरीवाल, 4 लोगों की टीम संभाल रही है पेज
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ट्विटर पर तो काफी एक्टिव थे ही, अब वो इंस्टाग्राम पर भी काफी एक्टिव हो गए हैं। अरविंद केजरीवाल ने हाल ही में दिल्लीवासियों से मुलाकात के बाद तस्वीरें अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर पोस्ट कीं।

नई दिल्ली। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ट्विटर पर तो काफी एक्टिव थे ही, अब वो इंस्टाग्राम पर भी काफी एक्टिव हो गए हैं। अरविंद केजरीवाल ने हाल ही में दिल्लीवासियों से मुलाकात के बाद तस्वीरें अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर पोस्ट कीं। चार वॉलंटियर्स की टीम दिल्ली के मुख्यमंत्री के इंस्टाग्राम अकाउंट का मॉनिटर करती है। इस इंस्टाग्राम अकाउंट के जरिये अरविंद केजरीवाल अधिक लोगों से जुड़ना चाहते हैं।

इंस्टाग्राम पर सक्रिय हुए सीएम केजरीवाल
दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल अब इंस्टाग्राम पर भी लोगों से जुड़ने आ गए हैं। अरविंद केजरीवाल इंस्टाग्राम पर काफी सक्रिय हो गए हैं और रोज ही फोटो शेयर कर रहे हैं। आम आदमी पार्टी के सोशल मीडिया स्टैटेजिस्ट अंकित लाल ने कहा, 'हम इसपर तस्वीर आधारित ही रखेंगे। इसके पीछे आइडिया इसे पर्सनल टच देने का है। केजरीवाल चाहते हैं कि ये पेज एक दिल्लीवासी का लगे, न की किसी राजनैतिक चेहरे का।'

चार वॉलंटियर्स की टीम देख रही पेज
अंकित लाल ने आगे कहा कि फेसबुक अधिक लोगों से बातचीत करने का माध्यम है तो ट्विटर राजनैतिक विचार रखने का। वहीं इंस्टाग्राम को हम निजी चट देना चाहते हैं। 'इंस्टाग्राम की ऑडियंस युवा है और वो किसी तरह की राजनैतिक बहस का हिस्सा नहीं बनना चाहती। सोशल मीडिया का ये मीडियम मजे का हिस्सा है और हम इसे वैसे ही रखना चाहते हैं।' अरविंद केजरीवाल के इंस्टाग्राम अकाउंट को चार वॉलंटियर्स की टीम नियमित आधार पर देखती है।

पीएम मोदी से अभी भी काफी पीछे हैं केजरीवाल
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुकाबले अरविंद केजरीवाल इंस्टाग्राम पर अभी काफी नए हैं। नरेंद्र मोदी ने 12 नवंबर, 2014 को इंस्टाग्राम पर पहली तस्वीर शेयर की थी और अब तक उनके 182 पोस्ट हो चुके हैं। वहीं अरविंद केजरीवाल ने इस पॉप्यूलर साइट पर पहली तस्वीर 21 सितंबर, 2017 को डाली थी और अभी उनके केवल 39 पोस्ट हैं। पॉप्यूलैरिटी के मामले में भी प्रधानमंत्री मोदी दिल्ली के मुख्यमंत्री से काफी आगे हैं। इंस्टाग्राम पर मोदी के 1 करोड़ 20 लाख फॉलोअर्स हैं, वहीं अरविंद केजरीवाल के केवल 15,000 फॉलोअर्स।












Click it and Unblock the Notifications