Delhi Chennai Distance Reduction: एक्सप्रेसवे से 320 किमी कम होगी दूरी, चेन्नई से दिल्ली का सफर 12 घंटे में
Delhi Chennai Distance Reduction: केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने घोषणा की है कि सरकार दिल्ली और चेन्नई के बीच की दूरी लगभग 320 किलोमीटर कम करने की दिशा में काम कर रही है। प्रस्तावित नॉर्थ साउथ एक्सप्रेसवे (North-South Expressway) के निर्माण के बाद मौजूदा करीब 2,200 किलोमीटर की दूरी घटकर लगभग 1,900 किलोमीटर रह जाएगी। अभी दिल्ली से चेन्नई तक सड़क मार्ग से सफर करने में 24 घंटे से अधिक का समय लग जाता है।
नए एक्सप्रेसवे के तैयार होने के बाद यह यात्रा महज 12 घंटे में पूरी करने का लक्ष्य है। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता पर्यावरण के अनुकूल सड़कें बनाना है। इसी दिशा में 10 प्रमुख मार्गों पर 'हाइड्रोजन फ्यूल फिलिंग स्टेशन' स्थापित करने का पायलट प्रोजेक्ट भी शुरू किया गया है। इससे ग्रीन मोबिलिटी को बढ़ावा मिलेगा और लंबी दूरी की यात्रा अधिक टिकाऊ बन सकेगी।

Delhi Chennai Distance Reduction: अभी कितना लगता है समय और किराया?
- अगर कोई यात्री दिल्ली से चेन्नई हवाई यात्रा करता है, तो फ्लाइट का समय औसतन 2 घंटे 45 मिनट से 3 घंटे के बीच होता है। किराया सामान्य दिनों में लगभग ₹6,000 से ₹10,000 के बीच रहता है।
- पीक सीजन में दिल्ली से चेन्नई की फ्लाइट का किराया ₹15,000 या उससे अधिक भी हो जाता है।
- रेल यात्रा की बात करें तो राजधानी एक्सप्रेस से दिल्ली-चेन्नई सफर में करीब 28 से 30 घंटे लगते हैं। एसी 3-टियर का किराया लगभग ₹3,000-₹3,500 और एसी 2-टियर का किराया ₹4,500-₹5,500 तक हो सकता है।
- रेलवे में भी अब डायनैमिक फेयर लागू हैं और तत्काल टिकट पर अलग किराया लगता है। इसके अलावा किराये में समय-समय पर बदलाव भी होते हैं।
North South Expressway: व्यापारिक उद्देश्यों के लिए भी अहम प्रोजेक्ट
प्रस्तावित एक्सप्रेसवे सड़क यात्रा को न केवल तेज बनाएगा बल्कि लॉजिस्टिक्स, माल परिवहन और औद्योगिक कनेक्टिविटी को भी नई रफ्तार देगा। सरकार का मानना है कि यह प्रोजेक्ट देश के उत्तर और दक्षिण हिस्सों को बेहतर तरीके से जोड़ेगा, जिससे आर्थिक गतिविधियों में वृद्धि होगी और यात्रा का अनुभव भी अधिक सुविधाजनक बनेगा। 320 किमी तक का सफर कम होने से आम लोगों के लिए दिल्ली से दक्षिण भारत जाने के लिए कम समय में एक अच्छा विकल्प होगा।












Click it and Unblock the Notifications