Delhi Blast: क्या दिल्ली ब्लास्ट आतंकवादी हमला था? कैसे हुआ धमाका? हर सवाल का गृह मंत्री अमित शाह ने दिया जवाब
Delhi Blast (Amit shah Press Conference): दिल्ली के लाल किला मेट्रो स्टेशन (चांदनी चौक) के पास सोमवार (10 नवंबर) शाम हुआ जोरदार धमाका राजधानी के दिल में दहशत भर गया। इस विस्फोट में अब तक 08 लोगों की मौत और कई घायल होने की खबर है। हादसे की गंभीरता को देखते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह खुद मौके पर पहुंचे और जांच एजेंसियों को हर पहलू से जांच के आदेश दिए। उन्होंने मीडिया को मामले की जानकारी भी दी।
धमाके की सूचना मिलते ही गृह मंत्री अमित शाह घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने एनआईए, स्पेशल सेल, क्राइम ब्रांच, एनएसजी और एफएसएल की टीमों को मौके पर जांच के निर्देश दिए। अमित शाह ने कहा, "विस्फोट की प्रकृति को समझने के लिए विशेषज्ञ टीम को बुलाया गया है। हमारी प्राथमिकता है कि जल्द से जल्द पता लगाया जाए कि धमाके में कौन सा विस्फोटक इस्तेमाल हुआ और इसके पीछे कौन लोग हैं।"

🔹 क्या ये आतंकी हमला था? अमित शाह ने क्या कहा?
धमाके की प्रकृति को लेकर सबसे बड़ा सवाल यही है-क्या ये आतंकवादी हमला था? इस पर गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, ''हम सभी पहलुओं को खुला रख रहे हैं और सभी एंगल से जांच कर रहे हैं। यह कहना बहुत मुश्किल है कि घटना का कारण क्या था। जब तक विस्फोट स्थल से बरामद नमूनों का FSL और NSG द्वारा विश्लेषण नहीं किया जाता, तब तक इसके बारे में कुछ भी कहना मुश्किल है। हालांकि, हम किसी भी एंगल को बंद नहीं मानते हैं। हम दृढ़ता के साथ सभी एंगल की जांच करेंगे।"
अमित शाह ने बताया कि जैसे ही धमाके की जानकारी उन्हें मिली, उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बात की और उन्हें पूरी स्थिति से अवगत कराया। उन्होंने कहा, ''हम दृढ़ता के साथ जांच कर रहे हैं। सभी एजेंसियों को एक साथ काम करने के निर्देश दिए गए हैं।''
🔹 अमित शाह दिल्ली ब्लास्ट पर क्या-क्या जानकारी दी?
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, "आज (10 नवंबर) शाम लगभग 7 बजे दिल्ली में लाल किले के पास एक हुंडई i20 कार में विस्फोट हुआ। विस्फोट की वजह 3-4 वाहन क्षतिग्रस्त हुए, लोग घायल भी हुए और 8 लोगों की मौत हो गई। हमने सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए गहन जांच शुरू कर दी है। विस्फोट की सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल, क्राइम ब्रांच, NIA टीम, SPG टीम और FSL टीम घटनास्थल पर पहुंच गई और तेजी से सभी जांच कर रही है।''
अमित शाह ने कहा, ''मुझे उम्मीद है कि हमारी एजेंसियां जल्द ही विस्फोट के कारणों का पता लगा लेंगी और FSL की सबसे वरिष्ठ टीम भी पहुंच गई है। विस्फोट की खबर मिलते ही मुझे प्रधानमंत्री (नरेंद्र मोदी) का फोन आया। प्रारंभिक जानकारी लेने के बाद, मैंने प्रधानमंत्री को भी जानकारी दी। मैं यहां से घटनास्थल का दौरा करने के लिए जा रहा हूं और कल सुबह गृह मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों की एक टीम के साथ बैठक कर विस्तृत जानकारी ली जाएगी।''
🔹 कैसे हुआ धमाका, क्या था टाइमिंग
दिल्ली पुलिस कमिश्नर सतीश गोलचा के मुताबिक, शाम करीब 6:52 बजे लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर 1 के पास एक हुंडई i20 कार में अचानक विस्फोट हुआ। उस वक्त कार ट्रैफिक सिग्नल पर रुकी हुई थी। धमाका इतना तेज था कि आसपास खड़ी कई गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं और लोगों में भगदड़ मच गई। एक स्थानीय व्यक्ति ने बताया, ''धमाके की आवाज इतनी जोरदार थी कि पास की दुकानों और वाहनों के शीशे चकनाचूर हो गए।''
🔹 अस्पतालों में अफरा-तफरी, 08 की मौत की पुष्टि
दिल्ली फायर सर्विस के मुताबिक, धमाके में करीब तीन से चार गाड़ियां जल गईं। घायलों को तुरंत लोक नायक जयप्रकाश (LNJP) अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल सूत्रों ने बताया कि अब तक 08 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई की हालत गंभीर बनी हुई है।
🔹 प्रारंभिक जांच में बड़ा खुलासा: नहीं मिला RDX, न कोई क्रेटर
दिल्ली पुलिस की शुरुआती जांच में कई अहम बातें सामने आई हैं। सूत्रों के मुताबिक, विस्फोट स्थल पर RDX जैसी कोई गंध नहीं मिली और न ही जमीन पर कोई गड्ढा (crater) बना है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, "घायलों के शरीर पर स्प्लिंटर वाउंड नहीं हैं, जिससे लगता है कि ये पारंपरिक बम विस्फोट नहीं था। हालांकि धमाका इतना शक्तिशाली था कि आसपास के वाहन पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए।" पुलिस का मानना है कि संभव है विस्फोटक सामग्री कहीं और ले जाई जा रही हो और गलती से यह विस्फोट हो गया हो। यानी, लक्ष्य शायद कोई और था।
🔹 दिल्ली सरकार ने जताया दुख, शांति बनाए रखने की अपील
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने ट्वीट कर कहा, "मैं इस दुखद हादसे में जान गंवाने वाले परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करती हूं। घायल जल्द स्वस्थ हों, यही प्रार्थना है। दिल्ली पुलिस, एनएसजी और एनआईए की टीमें जांच में जुटी हैं। सभी नागरिकों से अपील है कि अफवाहों से बचें और शांति बनाए रखें।"
🔹 अब तक क्या कदम उठाए गए हैं
- लाल किला और चांदनी चौक इलाके में हाई अलर्ट घोषित।
- आसपास के सभी मेट्रो स्टेशन और मार्केट अस्थायी रूप से बंद।
- एनआईए और एफएसएल की टीमें सैंपल जांच में जुटीं।
- गृह मंत्रालय ने कल सुबह आपात बैठक बुलाने का आदेश दिया।
🔹 अभी जांच जारी है...
फिलहाल एजेंसियां किसी भी नतीजे पर नहीं पहुंची हैं। सभी संभावनाओं पर समान रूप से काम किया जा रहा है। शुरुआती जांच में आतंकवादी हमले की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन गृह मंत्रालय ने इस एंगल को भी पूरी तरह से बंद नहीं किया है।
धमाके ने पूरे देश को हिला दिया है। हर कोई जानना चाहता है कि ये अचानक हुआ हादसा था या किसी साजिश का हिस्सा। अमित शाह ने साफ कहा है कि "कोई भी एंगल छोड़ा नहीं जाएगा।" अब सबकी निगाहें एफएसएल और एनएसजी की रिपोर्ट पर टिकी हैं, जो तय करेगी कि दिल्ली की इस भयावह शाम के पीछे कहानी क्या है।












Click it and Unblock the Notifications