दिल्ली विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान, 8 फरवरी को होगा मतदान
नई दिल्ली।चुनाव आयोग ने दिल्ली विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया है। मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) सुनील अरोड़ा ने बताया है कि अगले महीने फरवरी की 8 तारीख को राजधानी दिल्ली की 70 सीटों पर मतदान होगा। दिल्ली की सभी 70 सीटों पर एक ही चरण में चुनाव होगा। नतीजों का ऐलान 11 फरवरी को होगा। दिल्ली में चुनाव की तारीखों के ऐलान के साथ ही आचार संहिता लागू हो गई है।
Recommended Video

14 जनवरी को जारी होगा नोटिफिकेशन
चुनाव आयोग की ओर से बताया गया है कि दिल्ली में 14 जनवरी को नोटिफिकेशन जारी होगा। नामांकन की आखिरी तारीख 21 जनवरी है। नामांकन की जांच 22 जनवरी और नाम वापस लेने की आखिरी तारीख 24 जनवरी है। चुनाव संपन्न कराने में 90 हजार कर्मचारी शामिल होंगे। दिल्ली में कुल 13,750 पोलिंग बूथ बनाए जाएंगे। 2689 जगहों पर ये पोलिंग बूथ बनेंगे।

1 करोड़ 46 लाख मतदाता करेंगे वोट
मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) कार्यालय की ओर से सोमवार को प्रकाशित आखिरी मतदाता सूची के मुताबिक दिल्ली में होने वाले विधानसभा चुनाव में कुल 1 करोड़ 46 लाख और 92 हजार मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सकेंगे। चुनाव में बुजुर्ग मतदाताओं को खास सहूलियतें दी जाएंगी।

2015 में आप को मिली थी बड़ी जीत
दिल्ली विधानसभा का कार्यकाल 22 फरवरी को खत्म हो रहा है। ऐसे में 22 फरवरी तक नई सरकार का गठन होना जरूरी है। दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ रणबीर सिंह की भारतीय निर्वाचन आयोग के अधिकारियों के साथ 26 दिसंबर को बैठक हुई थी, जिसमें कहा गया था दिल्ली में चुनाव की तैयारी पूरी है। जिसके बाद माना जा रहा था कि किसी भी दिन चुनाव की तारीखों का ऐलान हो सकता है। जिसके बाद आज चुनाव की तारीखों का ऐलान किया गया।
दिल्ली में विधानसभा की 70 सीटों पर2015 में हुए चुनाव में आम आदमी पार्टी ने 67 सीटें जीतकर सरकार बनाई थी और अरविंद केजरीवाल मुख्यमंत्री बने थे। भाजपा को इस चुनाव में 3 सीटों पर जीत मिली थी। वहीं कांग्रेस को एक भी सीट नहीं मिल सकी थी। 2015 में आप ने 54.3 फीसदी वोट शेयर हासिल किए थे। बीजेपी 32.3 फीसदी वोट के साथ दूसरे नंबर पर रही थी। कांग्रेस का वोट शेयर 9.7 फीसदी रहा था। इस चुनाव में भी मुख्य मुकाबला आम आदमी पार्टी, भाजपा और कांग्रेस के बीच माना जा रहा है। इनके अलावा कई दूसरे दल भी चुनाव मैदान में हैं












Click it and Unblock the Notifications