दिल्ली में फिर 'गंभीर' श्रेणी में पहुंचा AQI, मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में सुधार की जताई उम्मीद
नई दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली में वायु प्रदूषण में अभी भी कोई कमी नहीं आ रही है। मौसम विभाग के मुताबिक, शनिवार को एकबार फिर राजधानी दिल्ली में वायु गुणवत्ता 'गंभीर' श्रेणी में पहुंच गई। मौसम विभाग ने बताया है कि दिल्ली में हवा की गति धीमी होने की वजह से वायु की गुणवत्ता की स्थिति जैसी की तैसी बनी हुई है। हालांकि मौसम विभाग ने इसमें सुधार की उम्मीद भी जताई है। आपको बता दें कि शनिवार को राजधानी दिल्ली में सुबह 10 बजे के आसपास का AQI 401 रहा, जो कि 'गंभीर' श्रेणी में आता है।
सोमवार तक स्थिति हो सकती है ठीक
मौसम विभाग के अधिकारियों ने ये उम्मीद जाहिर की है कि अगले 24 घंटे में दिल्ली का AQI नीचे आ सकता है, क्योंकि ऐसी संभावना है कि सोमवार को हवा की गति में बदलाव होगा तो प्रदूषण छटेगा। पर्यावरण अनुसंधान केंद्र आईएमडी के प्रमुख वी के सोनी ने बताया है कि हवा में प्रदूषित कण एक जगह पर जमा हैं और हवा की गति धीमी होने की वजह से वो अलग-अलग नहीं हो पा रहे हैं। उम्मीद है कि अगले 24 घंटे में ये स्थिति बदलेगी।
दिल्ली में पिछले हफ्ते का AQI
राजधानी दिल्ली में AQI शुक्रवार को भी 'गंभीर' श्रेणी में था। शुक्रवार को दिल्ली का AQI 382 था। वहीं गुरुवार को ये आंकड़ा 341 था। बुधवार को 373, मंगलवार को 367 और बीते सोमवार को 318 AQI था।
एनसीआर में भी दमघोंटू हुई हवा
दिल्ली में लगातार बढ़ते AQI का असर अब एनसीआर के इलाकों में भी देखने को मिल रहा है। गाजियाबाद में शनिवार का AQI 446 दर्ज किया गया। वहीं ग्रेटर नोएडा में 401, नोएडा में 406 AQI दर्ज किया गया।