प्रधानमंत्री नरेंदी मोदी पर आपत्तिजनक टिप्पणी, राहुल गांधी के खिलाफ मानहानि की शिकायत दर्ज
राहुल गांधी के बयान को प्रधानमंत्री के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी बताते हुए भाजपा नेता शलभ मणि त्रिपाठी ने राहुल गांधी के खिलाफ मानहानि की शिकायत दर्ज कराई है।
नई दिल्ली। कांग्रेस के राष्ट्रीय सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र को लेकर दिए गए अपने एक बयान पर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी घिरते हुए नजर आ रहे हैं। बयान को प्रधानमंत्री के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी बताते हुए भाजपा नेता शलभ मणि त्रिपाठी ने राहुल गांधी के खिलाफ मानहानि की शिकायत दर्ज कराई है। आपको बता दें कि हाल ही में नई दिल्ली में आयोजित कांग्रेस के राष्ट्रीय सम्मेलन में राहुल गांधी ने पीएनबी घोटाले के आरोप नीरव मोदी से पीएम मोदी की तुलना की थी।

यूपी भाजपा के प्रवक्ता शलभ मणि त्रिपाठी ने बताया कि कांग्रेस के राष्ट्रीय सम्मेलन में राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, पीएनबी घोटाले के आरोपी नीरव मोदी और आईपीएल के पूर्व कमिश्नर ललित मोदी के बीच समानता बताकर पीएम के ऊपर आपत्तिजनक टिप्पणी की। त्रिपाठी ने राहुल गांधी के खिलाफ देवरिया की फास्ट ट्रैक कोर्ट में आईपीसी की धारा 499 और 500 के तहत मानहानि की शिकायत दर्ज कराई है। कोर्ट ने मामले की सुनवाई के लिए आगामी 5 अप्रैल की तारीख तय की है।
शलभ मणि त्रिपाठी ने बताया, 'राहुल गांधी ने अपने भाषण में कहा कि मोदी नाम भ्रष्टाचार का पर्याय बन चुका है। राहुल गांधी के इस बयान से देशवासियों और पार्टी कार्यकर्ताओं की भावनाएं आहत हुई हैं, इसीलिए मैंने उनके खिलाफ देवरिया की अदालत में मानहानि की शिकायत दर्ज कराई है।' मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस नेता अनवर हुसैन ने कहा कि उनकी पार्टी सरकार की गलत नीतियों और भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाना जारी रखेगी।












Click it and Unblock the Notifications