नीतीश के इस्तीफे का फैसला अंतिम और चुनाव तक रहेंगे पद से दूर: शरद यादव

इससे पहले रविवार को नीतीश कुमार ने अपना इस्तीफा वापस लेने और पद पर बने रहने के पार्टी विधायकों के आग्रह पर निर्णय के लिए आज तक का समय मांगा था। वहीं शरद यादव ने सोमवार को कहा कि उनकी पार्टी राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के साथ कोई गठबंधन नहीं करेगी। पटना में सोमवार को पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि राजद के साथ जाने का सवाल ही नहीं है और ना ही किसी के साथ इस संबंध में कोई बात हुई है राजद के अध्यक्ष लालू प्रसाद ने भी रविवार को इस तरह की संभावना से इंकार किया था।
शरद ने नीतीश कुमार के इस्तीफे के विषय में कहा कि यह फैसला देश हित और पार्टी हित में है। आज वास्तव में अंतिम फैसला होगा। इस निर्णय के बाद विधायकों में कई तरह की शंकाएं थी, जिसे दूर किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह फैसला देश को लक्ष्य कर किया गया है। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) से अलग होने का फैसला पहला कदम था जबकि यह दूसरा कदम है।
उन्होंने कहा कि नीतीश का फैसला आखिरी है और यही नीतीश के हित में भी है। नए मुख्यमंत्री के विषय में शरद ने कहा कि विधायक दल की बैठक में सब कुछ तय हो जाएगा। उल्लखनीय है कि लोकसभा में शर्मनाक हार के बाद बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने नैतिकता के आधार पर शनिवार को इस्तीफा दे दिया था। रविवार को विधायक दल की बैठक में एक बार फिर नीतीश को नेता चुन लिया गया, लेकिन वह दोबारा मुख्यमंत्री बनने का तैयार नहीं थे। विधायकों के दबाव के बाद उन्होंने इस पर निर्णय लेने के लिए एक दिन का समय लिया था।












Click it and Unblock the Notifications