अब 5-12 साल के बच्चों के वैक्सीन पर फोकस, SEC की बैठक में कॉर्बेवैक्स के इस्तेमाल की सिफारिश
नई दिल्ली, 21 अप्रैल: कोरोना की धीमी हुई गति ने फिर से रफ्तार पकड़ना शुरू कर दिया है। राजधानी दिल्ली सहित कई इलाकों में कोरोना के नए मामलों का ग्राफ बढ़ने लगा है। ऐसे में स्कूलों के खुलने से बच्चों के कोरोना संक्रमित होने की खबरें भी सामने आ रही है। ऐसे में छोटी उम्र के बच्चों के वैक्सीनेशन को लेकर अच्छी खबर सामने आई है। सरकारी पैनल ने कोविड के मामलों के इजाफे के बीच 5-12 साल के बच्चों के लिए बायोलॉजिकल ई की कॉर्बेवैक्स (Corbevax) वैक्सीन के इस्तेमाल की सिफारिश की है।

न्यूज एजेंसी एएनआई ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि औषधि नियामक DCGI (ड्रग कंट्रोलर जनरल ऑफ इंडिया) की सब्जेक्ट एक्सपर्ट कमेटी (एसईसी) की बैठक में 5-12 साल के बच्चों के बीच भारत बायोटेक के कोवैक्सिन और बायोलॉजिकल ई के कॉर्बेवैक्स टीकों के आपातकालीन उपयोग पर सिफारिशों पर की है।
पैनल ने गुरुवार दोपहर में 5 से 12 आयु वर्ग के बच्चों में डेटा और टीके के उपयोग पर चर्चा करने के लिए बैठक की थी। वहीं बैठक में वैक्सीन को लेकर की गई सिफारिशों को अब एसईसी द्वारा ड्रग कंट्रोलर जनरल ऑफ इंडिया को भेज दिया गया है। ऐसे में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से अंतिम मंजूरी देने से पहले अब डीसीजीआई की मंजूरी का इंतजार करना होगा।
आपको बता दें कि वैक्सीन की सिफारिश ऐसे वक्त की गई है, जब दिल्ली में कोरोना के मामले तेजी से बढ़े हैं और एनसीआर के कई इलाकों में स्कूली बच्चे के संक्रमित होने की खबर मिल रही है। फिलहाल कॉर्बेवैक्स वैक्सीन 12-14 साल उम्र समूह के बच्चों को लगाई जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications