Daily Political Update: आप विधायकों के खरीद-फरोख्त मामले में मचा जबरदस्त बवाल, भाजपा पर बरसें राहुल-ममता
Daily Political Roundup: भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवानी को भारत रत्न देने का ऐलान हुआ है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस पर खुशी जाहिर की है।
वहीं, आम आदमी पार्टी के विधायकों की खरीद फरोख्त के दावे के बीच दिल्ली क्राइम ब्रांच की टीम मुख्यमंत्री केजरीवाल के घर पहुंची। जिसके बाद से दिल्ली की राजनीति में भूचाल आ गया।

इसे लेकर आप पार्टी ने भाजपा पर निशाना साधा है। उधर, कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा शनिवार को झारखंड में प्रवेश कर गई। इस दौरान राहुल गांधी ने भाजपा पर तीखा हमला बोला। आइये जानते हैं दिनभर का राजनीतिक घटनाक्रम...
लालकृष्ण आडवानी को भारत रत्न, पीएम ने जताई खुशी
भाजपा के वरिष्ठ नेता और राम मंदिर आंदोलन के प्रमुख चेहरे लालकृष्ण आडवानी को भारत रत्न देने का ऐलान हुआ है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी। पीएम मोदी ने ओडिशा में सभा को संबोधित करते हुए कहा कि आज लालकृष्ण आडवाणी को भारत रत्न देने की घोषणा हुई। यह सम्मान राष्ट्र सेवा की परंपरा के सम्मान के साथ हम सभी कार्यकर्ताओं का भी सम्मान है। यह सम्मान उस विचारधारा का सम्मान भी है जो सिर्फ राष्ट्र प्रथम को लेकर चलती है।
विधायकों की खरीद-फरोख्त मामले में नोटिस
विधायकों की खरीद-फरोख्त से जुड़े मामले में दिल्ली क्राइम ब्रांच की टीम ने आप को नोटिस दे दिया है। क्राइम ब्रांच के अधिकारी सुबह से सीएम केजरीवाल को नोटिस देने का इंतजार कर रहे थे। इस पर आप ने भाजपा पर हमला बोला है। आप प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ ने कहा कि हम कानून का सामना करेंगे और कानूनी नोटिस लेने को भी तैयार है। लेकिन, भाजपा की पुलिस का मकसद सिर्फ झूठी कहानियां बनाना और केजरीवाल को घेरना है।
किसान, युवाओं के साथ हो रहा अन्याय: राहुल गांधी
कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा झारखंड पहुंच चुकी है। इस दौरान राहुल गांधी ने एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि इस यात्रा का उद्देश्य यही है कि बीजेपी नफरत फैला रहे हैं, हम इसके खिलाफ आये हैं। हम सभी को एकजुट करने आए हैं। पूरे देश में गरीबों और कमजोर वर्गों के साथ अन्याय हो रहा है। युवाओं के साथ, किसानों के साथ अन्याय हो रहा है। उन्होंने कहा कि जब अडानी का नाम आता है तो सभी को पता होता है कि उनके पीछे मोदी का सपोर्ट है।
केंद्र सरकार पर गरजीं ममता बनर्जी
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शनिवार को केंद्र सरकार पर जमकर हमला बोला। सीएम ममता ने केंद्र सरकार पर मनरेगा श्रमिकों को बकाया नहीं देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा राज्य के 21 लाख मनरेगा श्रमिकों का बकाया बाकी है। जो बकाया राशि केंद्र सरकार ने अब तक नहीं दी है, वह पैसे पश्चिम बंगाल सरकार 21 फरवरी तक सभी 21 लाख मजदूरों के बैंक खाते में स्थानांतरित करेगी।












Click it and Unblock the Notifications