Daily Political Update: '...तो तय कर लो कहां जाना है, जेल या जहन्नुम', सीएम योगी ने किसको दी चेतावनी?
Daily Political Roundup: लोकसभा चुनाव के मद्देनजर भाजपा और कांग्रेस ताबड़तोड़ रैलियां कर रही हैं। यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुरादाबाद और नैनीताल में जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर जोरदार प्रहार बोला। वहीं, कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने भी चुनावी सभाओं में भाजपा पर पलटवार किया।
उधर, राष्ट्रीय जनता दल ने लोकसभा चुनाव को लेकर अपना घोषणापत्र जारी कर दिया, तो वहीं कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने भाजपा पर दक्षिणी राज्य में 'ऑपरेशन लोटस' चलाने का आरोप लगाया है। आइये जानते हैं दिनभर का राजनीतिक घटनाक्रम...

चुनाव प्रचार करने नैनीताल पहुंचे सीएम योगी
चुनाव प्रचार करने नैनीताल पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। सीएम योगी ने कहा कि कांग्रेस को उत्तराखंड में समान नागरिक संहित कानून लागू करने की पीड़ा हो रही है। जबकि यह काम पहले हो जाना चाहिए था। सीएम योगी ने कहा कि यूपी में आज कोई दंगा नहीं होता। राज्य में कर्फ्यू भी नहीं लगाना पड़ा है। अब कांवड़ यात्रा धूमधाम से निकलती है। सीएम ने अपराधियों को सख्त चेतावनी भी दी। अगर कोई भी किसी के लिए खतरा बनेगा तो उसके लिए दो ही जगह है जेल या जहन्नुम। तो तय कर लो कहां जाना है।
भाजपा पर बरसीं प्रियंका
इधर, नैनीताल में ही कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने चुनावी रैली को संबोधित करते हुए भाजपा को आड़े हाथ लिया। प्रियंका ने कहा कि कांग्रेस को कब तक दोष देते रहोगे। पिछले 10 वर्ष से भाजपा की सरकार है। कहते हैं कि 75 सालों में कुछ नहीं हुआ, अगर नहीं हुआ तो उत्तराखंड में इतना हुनर कहां से आया। IIT, IIM और देश में AIIMS कहां से आए। अगर पंडित जवाहरलाल नेहरू ने 1950 के बाद इन्हें नहीं बनाया होता तो क्या आज ये सब संभव था।
राहुल गांधी बोले: बेरोजगारी फैल रही, महंगाई बढ़ रही
लोकसभा चुनाव के मद्देनजर कांग्रेस धुआंधार प्रचार कर रही है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शनिवार को छत्तीसगढ़ में चुनावी रैली को संबोधित किया। इस दौरान राहुल गांधी ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि देश में 22 लोगों के पास उतनी ही संपत्ति है, जितनी देश के 70 करोड़ लोगों के पास है। राहुल गांधी ने कहा कि बेरोजगारी फैल रही है, महंगाई बढ़ रही है और भागीदारी कम हो रही है। उन्होंने कहा कि हर राज्य में लोग आपको बताएंगे कि मुख्य मुद्दा बेरोजगारी, महंगाई और भागीदारी है।
सिद्धारमैया का भाजपा पर आरोप
लोकसभा चुनाव से पहले कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने भाजपा पर बड़ आरोप लगाया है। उन्होंने भाजपा पर दक्षिणी राज्य में 'ऑपरेशन लोटस' चलाने की कोशिश करने का आरोप लगाया है। सिद्धारमैया ने कहा, "वे पिछले एक साल से मेरी सरकार को तोड़ने की कोशिश कर रहे हैं। हमारे विधायकों को 50 करोड़ रुपये की पेशकश की गई थी। उन्होंने कोशिश की और असफल रहे।"












Click it and Unblock the Notifications