दादा साहेब फाल्के पुरस्कार मिलने पर रजनीकांत ने PM मोदी को कहा धन्यवाद, इन लोगों को समर्पित किया अवॉर्ड
नई दिल्ली: सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने गुरुवार को 51वें दादा साहेब फाल्के पुरस्कार की घोषणा की। जिसके लिए सर्वसम्मति से साउथ के सुपरस्टार रजनीकांत के नाम पर मुहर लगी। इस सम्मान को भारतीय फिल्म जगत का सर्वोच्च सम्मान माना जाता है। वहीं पुरस्कार के ऐलान के बाद खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर रजनीकांत को बधाई दी। साथ ही फिल्म जगत में उनके योगदान का सराहा। अब इस मामले में रजनीकांत की प्रतिक्रिया सामने आई है।

नाम के ऐलान के कुछ घंटे बाद रजनीकांत ने कहा कि भारत सरकार, आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, प्रकाश जावड़ेकर और ज्यूरी को मेरा धन्यवाद, जो उन्होंने मेरा नाम दादा साहेब फाल्के अवॉर्ड के लिए चुना। मैं इस अवॉर्ड को उन लोगों को समर्पित करता हूं, जो मेरे इस सफर में साथ रहे। सभी को दिल से धन्यवाद। वहीं पीएम ने अपने ट्वीट में कहा था कि सभी जनरेशन में पॉपुलर, शानदार अभिनय, शानदार पर्सनालिटी वाले रजनीकांत के लिए ये पुरस्कार है। तलाइवा को दादा साहेब फाल्के अवॉर्ड मिल रहा है, उन्हें बधाई।
ज्यूरी में ये लोग थे शामिल
केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने गुरुवार सुबह रजनीकांत के नाम का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि 5 दशक तक लोगों का मनोरंजन करने वाले रजनीकांत को इस साल दादा साहेब फाल्के पुरस्कार दिया जाएगा। रजनीकांत के नाम का चुनाव एक ज्यूरी ने किया। जिसमें आशा भोंसले, मोहनलाल, विश्वजीत चटर्जी, शंकर महादेवन और सुभाष घई शामिल थे। इन सभी ने एकमत होकर रजनीकांत के नाम पर मुहर लगाई। ये अवॉर्ड फिल्म जगत का सबसे बड़ा पुरस्कार है। 1913 में दादा साहेब ने भारत में सबसे पहली फिल्म राजा हरिशचंद्र बनाई थी। इस वजह से उन्हीं के नाम पर ये पुरस्कार दिया जाता है।












Click it and Unblock the Notifications