Cyclone Dana: क्या होता है 'दाना' का मतलब, किसने दिया ये नाम? क्यों आते हैं चक्रवात?
Cyclone Dana: चक्रवाती तूफान 'दाना' का लैंडफॉल शुरू हो चुका है, जिसकी वजह से इस वक्त ओडिशा के भद्रक में तेज हवाएं चल रही हैं और बारिश हो रही है।
भारतीय मौसम विभाग ने राज्य के 14 जिलों और बंगाल के 7 जिलों में हाई अलर्ट जारी किया है। आपको बता दें कि ये तूफान काफी शक्तिशाली है और इसके आज दोपहर बाद कमजोर पड़ने की उम्मीद है।

इस तूफान से निपटने के लिए राज्य सरकार ने पुख्ता इंतजाम किए हुए हैं। तूफान के मद्देनजर जगन्नाथ मंदिर को आज के लिए अस्थाई तौर पर बंद किया है तो वहीं मछुआरों को समुद्र तटों के पास जाने से रोका गया है।
आपको बता दें कि इस तूफान का नाम कतर ने सुझाया है जिसका अर्थ होता है 'उदारता', ये एक अरबी नाम है। आपको बता दें कि विश्व मौसम विज्ञान संगठन (WMO) ने एक कमेटी बनाई है जिसके सदस्य बारी-बारी से आने वाले तूफानों का नाम रखते हैं।
चक्रवात क्या है?
चक्रवात गर्म जल पर बनने वाली तीव्र घूर्णन वाली वायु प्रणाली है, जिसमें केंद्र में कम वायुदाब होता है। इस दौरान हवा बेहद तेज़ गति से चलती है और बारिश के साथ-साथ समुद्र के जलस्तर में उफान आता है। चक्रवात अपनी दिशा बदलते हुए तटीय क्षेत्रों की ओर बढ़ते हैं जिसके कारण भारी बारिश होती हैं और तेज हवाएं चलती हैं।
दोपहर बाद कमजोर होगा 'दाना'
चक्रवात 'दाना' ने केंद्रपाड़ा जिले के भीतरकनिका और भद्रक जिले के धामरा के बीच गुरुवार देर रात करीब 12:10 बजे दस्तक दी। आईएमडी भुवनेश्वर की क्षेत्रीय निदेशक मनोरमा मोहंती ने कहा कि शुक्रवार दोपहर बाद चक्रवात कमजोर पड़ जाएगा और ढेंकनाल और अंगुल जिलों की ओर मुड़ जाएगा।
पीएम मोदी और अमित शाह ने की सीएम माझी से बात
ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने चक्रवात के प्रभाव से निपटने के लिए राज्य की तैयारियों के बारे में जानकारी ली । माझी ने कहा कि तटीय क्षेत्रों में उच्च जोखिम वाले निचले इलाकों से लगभग 5.84 लाख लोगों को निकाला गया है। आईएमडी ने यह भी कहा है कि जगतसिंहपुर, केंद्रपाड़ा, कटक, भद्रक, जाजपुर, बालासोर और मयूरभंज जिलों में भारी से बहुत भारी वर्षा (7 से 20 सेमी) और कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी वर्षा (20 सेमी से अधिक) होने की संभावना है इसलिए यहां पर अलर्ट जारी है।












Click it and Unblock the Notifications