Cyclone Ditwah मचा रहा तबाही, तमिलनाडु में भारी बारिश, IMD रेड अलर्ट के बाद रद्द हुई दर्जनों उड़ानें
Cyclone Ditwah: भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार चक्रवात दितवा तमिलनाडु तट की ओर बढ़ रहा है, 30 नवंबर की सुबह तक उत्तरी तमिलनाडु-पुडुचेरी तट को पार कर सकता है। श्रीलंका में भारी तबाही मचाने वाले चक्रवाती तूफान को लेकर भारत अलर्ट मोड पर है।
इस चक्रवात के चलते मौसम विभाग ने तमिलनाडु के पाँच तटीय जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। खराब मौसम के कारण चेन्नई में 20 से अधिक उड़ानें और आंध्र प्रदेश की भी कई उड़ानें रद्द कर दी गई हैं। इसके अलावा दक्षिणी रेलवे ने कुछ मार्गों पर ट्रेनों के परिचालन में बदलाव की घोषणा की है, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

बता दें चक्रवाती तूफान के प्रभाव से श्रीलंका में 153 लोगों की मौत हुई और 191 लापता हैं। श्रीलंका में 5 लाख से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं, और 78,000 लोगों को लगभग 800 राहत शिविरों में पहुंचाया गया है। भारत ने श्रीलंका को तत्काल मानवीय सहायता और आपदा राहत (एचएडीआर) भेजी है, जिसमें 4.5 टन सूखा राशन और 2 टन ताजा राशन शामिल है।
चेन्नई और विजयवाड़ा से 29 नवंबर को मिली जानकारी के अनुसार, चक्रवाती तूफान दितवा के प्रभाव से शनिवार देर शाम तमिलनाडु के चेन्नई शहर और पड़ोसी क्षेत्रों में भारी बारिश हुई। मौसम विभाग ने तमिलनाडु के पाँच तटीय जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है।
तूफान के कारण तमिलनाडु के कई जिलों में 54 उड़ानें रद्द कर दी गईं। चेन्नई हवाई अड्डे पर शनिवार को 36 उड़ानें और रविवार को 47 उड़ानें रद्द की गईं, जिनमें से 36 घरेलू और 11 अंतरराष्ट्रीय उड़ानें थीं।
आईएमडी ने तमिलनाडु के 3 जिलों के लिए रेड अलर्ट और 7 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। कुड्डालोर, मायिलाडुतुरई, विल्लुपुरम, चेंगलपट्टू और पुडुचेरी में अत्यधिक भारी वर्षा की संभावना है।
एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की 28 टीमें तमिलनाडु और पुडुचेरी के तटीय जिलों में तैनात की गई हैं। अतिरिक्त 10 टीमें वडोदरा और पुणे से मंगाई गई हैं। पुदुक्कोट्टई और पुडुचेरी में विशेष प्रशिक्षित डॉग स्क्वॉड भी मौजूद हैं।
तमिलनाडु के राजस्व और आपदा प्रबंधन मंत्री के.के.एस.एस.आर. रामचंद्रन ने बताया कि राज्य भर में 6,000 राहत शिविर स्थापित किए गए हैं। मौसम विभाग ने तमिलनाडु, तटीय आंध्र प्रदेश और केरल में भारी बारिश की आशंका जताई है।
मौसम विभाग के महानिदेशक डॉ. मृत्युंजय महापात्रा ने बताया कि चक्रवात उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ेगा और 30 नवंबर की सुबह तक उत्तरी तमिलनाडु और पुडुचेरी तट के करीब पहुंच जाएगा।
आईएमडी ने अगले दो दिनों के लिए तमिलनाडु, दक्षिणी आंध्र प्रदेश और पुडुचेरी में 'भारी से अत्यधिक भारी वर्षा' की चेतावनी दी है। शहरी क्षेत्रों में जलभराव और बाढ़, और पहाड़ी क्षेत्रों में अचानक बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो सकती है।
पुडुचेरी में रेड अलर्ट जारी किया गया है, और सभी विभागों को अलर्ट रहने को कहा गया है। मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है। अराकोनम से 60 सदस्यीय बचाव दल पुडुचेरी पहुंचा है।
तूफान के कारण नागपट्टिनम के वेदारण्यम में मौसम खराब हो गया है, जिससे लगभग 9,000 एकड़ नमक के खेत प्रभावित हुए हैं। तमिलनाडु में अब तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
पम्बन द्वीप पर धनुषकोडी शहर न जाने की सलाह दी गई है। श्रीलंकाई राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके ने बाढ़ से हुई तबाही के बाद राष्ट्रव्यापी आपातकाल की घोषणा की है।
भारत ने श्रीलंकाई हवाई अड्डों पर फंसे भारतीय नागरिकों की मदद के लिए कोलंबो के बंदरनायके अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर एक आपातकालीन हेल्प डेस्क स्थापित किया है। एयर इंडिया ने भी उड़ानों पर तूफान के असर को लेकर सलाह जारी की है।












Click it and Unblock the Notifications