Chhattisgarh News: आधारभूत सुविधाएं मिलने से पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को सकारात्मक माहौल में काम करने की मिलेगी प्रेरणा : मुख्यमंत्री साय
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री ने 255 करोड़ रुपये की लागत से आठ नए साइबर पुलिस स्टेशनों और पुलिस आवास और स्टेशन भवनों का वस्तुतः उद्घाटन किया। इस परियोजना में साइबर परिसर, एसडीओपी कार्यालय, चौकी भवन, ट्रांजिट छात्रावास और अधिकारियों के लिए उन्नत आवास शामिल हैं, जिसका उद्देश्य कानून और व्यवस्था को मजबूत करना और दूरदराज के क्षेत्रों में सुरक्षा का विस्तार करना है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने पुलिस मुख्यालय, नया रायपुर से वर्चुअली जुड़कर विभिन्न जिलों में स्थापित 8 नए साइबर थानों और 255 करोड़ रुपये की लागत से तैयार पुलिस आवासीय भवनों तथा थाना भवनों का लोकार्पण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों और पुलिस कर्मियों को शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज का दिन पुलिस विभाग के लिए महत्वपूर्ण है, क्योंकि बड़ी संख्या में निर्माण कार्यों का लोकार्पण किया गया है। उन्होंने बताया कि प्रस्तुतीकरण के माध्यम से साइबर थाना, एसडीओपी कार्यालय, चौकी भवन, ट्रांजिट हॉस्टल और आवासीय भवनों को आधुनिक सुविधाओं के साथ तैयार किया गया है। उन्होंने गुणवत्तापूर्ण निर्माण के लिए संबंधित एजेंसियों की सराहना करते हुए कहा कि इन सुविधाओं से पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को सकारात्मक वातावरण मिलेगा, जिससे वे अपने कर्तव्यों का अधिक प्रभावी ढंग से निर्वहन कर सकेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लगातार प्रयास है कि अधिकारियों और कर्मचारियों को बेहतर आवास और कार्यस्थल की सुविधाएं मिलें, ताकि प्रदेश में कानून व्यवस्था और मजबूत हो सके। उन्होंने इसे एक अच्छी शुरुआत बताते हुए कहा कि इससे दूरस्थ क्षेत्रों तक सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने में मदद मिलेगी।
उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने बताया कि प्रदेश में साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए कई स्थानों पर साइबर पुलिस थाने शुरू किए जा रहे हैं। आज जशपुर, रायगढ़ और राजनांदगांव सहित कुल 8 नए साइबर थानों का शुभारंभ किया गया। इससे पहले पांच जिलों में साइबर थाने संचालित हैं और भविष्य में जरूरत के अनुसार अन्य जिलों में भी इन्हें स्थापित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इसके साथ ही चार जिलों में भारत वाहिनी के कैंपस, नौ जिलों में नए थाना भवन, माना में सेंट्रल आर्म्ड फोर्स की चौकी और कई आवासीय भवनों का भी लोकार्पण किया गया। गृह मंत्री ने 255 करोड़ रुपये की लागत से पूर्ण हुए इन कार्यों और नए साइबर थानों की स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताते हुए सभी को बधाई और शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर मुख्य सचिव विकास शील, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम, पुलिस हाउसिंग कॉर्पोरेशन के महानिदेशक पवन देव सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री ने बालोद, महासमुंद, धमतरी, रायपुर, बस्तर, बीजापुर, सुकमा, कांकेर, नारायणपुर, दुर्ग, बेमेतरा, राजनांदगांव, सूरजपुर और कोरिया सहित कई जिलों में भारत रक्षित वाहिनी परिसर, पुलिस थाना भवन, पुलिस चौकी भवन, ट्रांजिट हॉस्टल, सेंट्रल आर्म्स स्टोर, एसडीओपी कार्यालय भवन और पुलिस कर्मियों के आवासीय भवनों का लोकार्पण किया। इन परियोजनाओं से राज्य में पुलिस व्यवस्था को मजबूती मिलने के साथ पुलिस कर्मियों के कार्य और जीवन स्तर में भी सुधार होगा।












Click it and Unblock the Notifications