Cuddalore Train Accident: कैसे हुआ कुड्डालोर ट्रेन-स्कूल वैन हादसा? तीन बच्चों की मौत, 1 गेटकीपर सस्पेंड
Cuddalore Train Accident Reason: तमिलनाडु के कुड्डालोर जिले में मंगलवार (8 जुलाई 2025) को एक दुखद हादसे में स्कूल वैन और यात्री ट्रेन की टक्कर में तीन स्कूली बच्चों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा सेम्मनकुप्पम के पास एसआईपीसीओटी क्षेत्र में रेलवे लेवल क्रॉसिंग गेट नंबर 170 पर सुबह करीब 7:45 बजे हुआ।
एक निजी सीबीएसई स्कूल की वैन, जिसमें छात्र सवार थे, कुड्डालोर और अलप्पक्कम के बीच गैर-इंटरलॉक मानवयुक्त रेलवे गेट को पार करने की कोशिश कर रही थी। इसी दौरान विल्लुपुरम-मयिलादुथुराई पैसेंजर ट्रेन (नंबर 56813) से वैन की टक्कर हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि गेटकीपर को झपकी आ गई थी, जिसके कारण वह गेट बंद नहीं कर सका। हालांकि, दक्षिण रेलवे का कहना है कि गेटकीपर ने गेट बंद करने की कोशिश की, लेकिन वैन चालक ने गेट पार करने पर जोर दिया। हादसे के बाद गुस्साई भीड़ ने गेटकीपर की पिटाई भी की। मृतकों में कौन-कौन? कितना मिलेगा मुआवजा जानें...?

मृतकों और घायलों की स्थिति
हादसे में तीन छात्रों-चेझिया (15), विश्व (16), और एक अन्य-की मौत हो गई। घायलों में वैन चालक शंकर (47) और स्थानीय निवासी अन्नादुराई (55) शामिल हैं। घायलों को कुड्डालोर के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि चेझिया को पुडुचेरी के JIPMER ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।
मृतको के परिजनों को कितना मुआवजा ?
- रेलवे की अनुग्रह राशि: दक्षिण रेलवे ने मृतकों के परिजनों को 5 लाख, गंभीर घायलों को 2.5 लाख और मामूली घायलों को 50,000 रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की।
- गेटकीपर निलंबित और गिरफ्तार: लापरवाही बरतने के आरोप में गेटकीपर पंकज शर्मा को निलंबित कर दिया गया और बाद में गिरफ्तार कर लिया गया।
- तमिलनाडु सरकार की सहायता: मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने मृतक बच्चों के परिजनों को 5 लाख, गंभीर घायलों को 1 लाख और मामूली घायलों को 50,000 रुपये की अनुग्रह राशि देने का ऐलान किया।
हादसे पर सियासत?
डीएमके सांसद कनिमोझी ने हादसे पर दुख जताते हुए केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, 'देश के 68,584 किमी रेलवे ट्रैक में से सिर्फ 1,548 किमी पर ही 'कवच' सुरक्षा प्रणाली है। इतने हादसों के बावजूद केंद्र इस मुद्दे पर गंभीर नहीं है।'
रेलवे ने हादसे की जांच के लिए सुरक्षा, परिचालन और इंजीनियरिंग शाखा के अधिकारियों की एक समिति गठित की है। रेलवे रिलीफ ट्रेन और मेडिकल वैन को तुरंत घटनास्थल पर भेजा गया। कुछ ट्रेनों को आंशिक रूप से रद्द करना पड़ा। कुड्डालोर के एसपी जयकुमार ने बताया कि रेलवे पुलिस, रेलवे अधिकारी और राज्य पुलिस संयुक्त रूप से मामले की जांच कर रही है। यह हादसा रेलवे क्रॉसिंग पर सुरक्षा व्यवस्था की खामियों को फिर से उजागर करता है। केंद्र और राज्य सरकारों से ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग तेज हो रही है।
ये भी पढ़ें- Mumbai local train: खचाखच यात्रियों से भरी ट्रेन में जमकर हुई धक्का-मुक्की, VIDEO देख लोगों का फूटा गुस्सा












Click it and Unblock the Notifications