Kerala: कोझिकोड में सीपीएम नेता पीवी सत्यनाथन की हत्या, मंदिर में उत्सव के दौरान अपराधियों ने कुल्हाड़ी से काटा
Kozhikode, Kerala: भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) के एक स्थानीय नेता, पीवी सत्यनाथन की केरल के कोझिकोड जिले में हत्या कर दी गई। वारदात कोयिलैंडी में एक मंदिर उत्सव के दौरान हुई। गुरुवार, 22 फरवरी की रात सत्यनाथन चेरियापुरम मंदिर के एक उत्सव में शामिल होने पहुंचे थे।
सीपीआई (एम) के जिला सचिव पी मोहनन का दावा है कि पीवी सत्यनाथन पर कुल्हाड़ी से हमला किया गया था। उन्होंने कहा कि सीपीआई (एम) नेता की मौत के विरोध में आज कोयिलैंडी बंद रहेगा।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार सत्यनाथन गुरुवार की रात चेरियापुरम मंदिर में एक उत्सव में पहुंचे थे। एक संगीत कार्यक्रम के आयोजन के दौरान सीपीआई (एम) नेता के ऊपर अज्ञात अपराधियों द्वारा कुल्हाड़ी से हमला किया गया।
हमला रात करीब 10 बजे हुआ। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार घायल अवस्था में उन्हें कोझिकोड जिले के कोयिलांडी में तालुक अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उनकी जान बचाने का प्रयास विफल रहा। इलाज के दौरान सीपीआई (एम) नेता की मौत हो गई।
पीवी सत्यनाथन के मौत के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है। उनके शव का पोस्टमार्टम कोझिकोड के मेडिकल कॉलेज अस्पताल में होगा। इस बीच, किसी भी अप्रिय घटना और झड़प की संभावना से बचने के लिए इलाके पर फिलहाल निगरानी रखी जा रही है। जबकि सीपीआई (एम) ने अपने नेता की मौत के बाद कोयिलैंडी बंद का ऐलान किया है।












Click it and Unblock the Notifications