'प्लीज राजनीतिक मुद्दा ना बनाइए', पहलवानों के प्रदर्शन में पहुंचीं वृंदा करात, मंच से उतारी गईं नीचे
दिल्ली के जंतर-मंतर पर पहलवानों का प्रदर्शन जारी है। जिसमें वृंदा करात भी पहुंची थीं, जिनको मंच से नीचे उतार दिया गया।

भारतीय कुश्ती महासंघ के खिलाफ देशभर के पहलवानों ने मोर्चा खोल दिया है। इसको लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर में प्रदर्शन भी जारी है। कुछ राजनीतिक दलों ने इस मुद्दे को भुनाने की कोशिश की, लेकिन पहलवानों ने उनके इरादों पर पानी फेर दिया। पहलवानों ने सभी दलों से इस मुद्दे पर राजनीति नहीं करने की अपील की है। वहीं गुरुवार को जंतर-मंतर पहुंचीं भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) की नेता वृंदा करात को पहलवानों ने मंच से नीचे उतार दिया।
दरअसल वृंदा करात अपनी पार्टी के नेताओं के साथ प्रदर्शन स्थल पहुंचीं थी। वो सीधे कुछ महिलाओं के साथ उस स्टेज पर चढ़ गईं, जहां से खिलाड़ी भाषण देकर अपने मुद्दों को उठा रहे थे। कार्यक्रम में मौजूद पहलवानों ने तुरंत बजरंग पुनिया को इस बात की जानकारी दी। इस पर पुनिया ने वृंदा करात और उनके साथियों को मंच से नीचे जाने को कहा। पुनिया ने कहा कि ये खिलाड़ियों का प्रदर्शन है, जहां उनके मुद्दों पर बात हो रही है। मैडम प्लीज आप लोग इसको राजनीतिक मुद्दा ना बनाएं।
क्यों प्रदर्शन कर रहे पहलवान?
मौजूदा वक्त में भारतीय कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष बृजभूषण सिंह हैं, जो बीजेपी के सांसद भी हैं। विनेश फोगाट का आरोप है कि कुश्ती संघ के कोच महिला पहलवानों को शोषण करते हैं। बृजभूषण सिंह पर भी महिला खिलाड़ियों के यौन उत्पीड़न के आरोप लगे हैं। विनेश का आरोप है कि उनको लगातार जान से मारने की धमकियां भी मिल रही हैं। मामले को खेल मंत्रालय ने गंभीरता से लेते हुए महासंघ से जवाब मांगा है।
बृजभूषण ने दी सफाई
बृजभूषण सिंह ने पहलवानों के आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि ये सब साजिश का हिस्सा है। इसके पीछे एक बड़े बिजनेसमैन का हाथ है। वो हर जांच के लिए तैयार हैं। अगर किसी ने यौन शोषण की बात साबित कर दी, तो वो खुद फांसी लगा लेंगे।












Click it and Unblock the Notifications