Moderna का पंजाब को वैक्सीन भेजने से इनकार, कहा- केवल भारत सरकार से डील करेगी कंपनी
चंडीगढ़, 23 मई। अमेरिकी दवा निर्माता कंपनी मॉडर्ना ने पंजाब सरकार को सीधे कोविड वैक्सीन देने से इनकार कर दिया है। मॉडर्ना ने इसके लिए कंपनी की नीति का हवाला दिया है जिसमें कहा गया है कि कंपनी केवल भारत सरकार के साथ ही डील करेगी।

पंजाब की अमरिंदर सरकार ने राज्य में सीधे कोविड वैक्सीन की खरीद के लिए अमेरिकी वैक्सीन निर्माता से संपर्क किया था। मॉडर्ना की वैक्सीन कोविड-19 पर शुरुआती वैक्सीन में है। इस वैक्सीन को अमेरिका समेत कई देशों में इस्तेमाल किया जा रहा है।
राज्य में वैक्सीनेशन प्रोग्राम के नोडल अफसर विकास गर्ग ने बताया कि "पंजाब सभी संभावित स्रोतों से टीकों की खरीद के लिए एक ग्लोबल टेंडर जारी करने की संभावनाएं तलाश रहा है, जिसमें स्पुतनिक वी के निर्माता गमालेया रिसर्च इंस्टीट्यूट, फाइजर, और जॉनसन एंड जॉनसन शामिल हैं।"
कंपनी ने दिया नीति का हवाला
एएनआई के मुताबिक गर्ग ने कहा "अभी तक केवल मॉडर्ना ने ही जवाब दिया है लेकिन कंपनी ने राज्य सरकार से सौदा करने से इनकार कर दिया है। अब तक दुनिया भर में 9 करोड़ लोगों को मॉडर्ना वैक्सीन लगाई जा चुकी है।"
राज्य नोडल अधिकारी ने कहा "मॉडर्ना ने कंपनी ने अपनी नीति के तहत पंजाब सरकार को सीधे वैक्सीन भेजने से इनकार कर दिया है। वे (मॉडर्ना) केवल भारत सरकार के साथ डील करते हैं और किसी भी राज्य की सरकार या प्राइवेट पार्टी के साथ नहीं करते।
पंजाब में वैक्सीन की कमी के चलते पिछले तीन दिनों से पहले और दूसरे वर्ग के लोगों के लिए टीकाकरण अभियान रोकना पड़ा है। राज्य केवल 4.2 लाख वैक्सीन की डोज खरीदने में सफल हुआ है जिसमें से 66,000 वैक्सीन डोज शनिवार को ही मिली है जिसे केंद्र के फेज 3 (18-44) आवंटन के तहत दिया गया है।












Click it and Unblock the Notifications