खतरे की घंटी! 7 महीने बाद मिले एक दिन में कोरोना वायरस के सबसे ज्यादा केस, संख्या 600 पार
COVID-19 News: भारत में एक बार फिर कोरोना वायरस फन फैलाने लगा है। बुधवार को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय से जारी आंकड़ों के अनुसार, कोविड-19 मामलों में वृद्धि देखी गई। पिछले 24 घंटों में 614 ताजा संक्रमण दर्ज किए गए, जो 21 मई के बाद से सबसे अधिक है। खास बात यह है कि कोरोना संक्रमण बढ़ने के पीछे कोविड सब-वेरिएंट JN.1 है। यह हाल ही, में पहली बार केरल में पाया गया था।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में केरल में तीन मौतें भी सामने आई हैं। जिससे कोरोना से मरने वालों की कुल संख्या 5,33,321 हो गई है। अब देश में कोविड मामलों की संख्या 4.50 करोड़ (4,50,05,978) हो गई। आपको बता दें कि नए कोरोनोवायरस सब-वेरिएंट JN.1 का पहला मामला केरल के तिरुवनंतपुरम की एक 79 वर्षीय महिला से लिए गए नमूने में पाया गया था।

जानें रिकवरी और मृत्यु दर ?
स्वास्थ्य मंत्रालय की वेबसाइट के अनुसार, बीमारी से ठीक होने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 4,44,70,346 हो गई है और रिकवरी दर 98.81 फीसदी आंकी गई है। मृत्यु दर 1.19 फीसदी रही। मंत्रालय की वेबसाइट के मुताबिक, देश में अब तक कोविड टीकों की 220.67 करोड़ खुराकें लगाई जा चुकी हैं।
देश में कोरोना के 2,300 सक्रिय मामले
वर्तमान में, देश में कोविड के लगभग 2,300 सक्रिय मामले हैं। यह उछाल कोविड जेएन.1 वेरिएंट के कारण है। घबराने की कोई जरूरत नहीं है। केरल, तमिलनाडु, गोवा और कर्नाटक में मामले हैं।
तीन महीने में एक बार मॉक ड्रिल
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बुधवार को देश के कुछ हिस्सों में कोविड-19 मामलों और मौतों में अचानक वृद्धि की समीक्षा के लिए एक बैठक की। बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने की। बैठक के दौरान, मंडाविया ने इस बात पर जोर दिया कि सतर्क रहना और कोविड-19 के नए और उभरते प्रकारों के खिलाफ तैयार रहना है। उन्होंने वायरस का कुशल प्रबंधन सुनिश्चित करने के लिए केंद्र और राज्यों के बीच संयुक्त प्रयासों की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि आइए हम केंद्र और राज्य दोनों स्तरों पर हर तीन महीने में एक बार मॉक ड्रिल करें और सर्वोत्तम प्रथाओं को साझा करें।












Click it and Unblock the Notifications