कोरोना वायरस: रायबरेली में डॉक्टरों को ऐसे स्कूल में ठहराया, जहां ना पानी, ना साफ वाशरूम, पॉलीथिन में सब्जी पूरी
नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश के रायबरेली में कोरोना मरीजों के लिए बनाए गए क्वारंटीन सेंटर में ड्यूटी कर रहे डॉक्टरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा रहा है। दरअसल, रायबरेली में एक स्कूल में डॉक्टरों के रहने की व्यवस्था की गई है। यहां डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ की टीम रहती है। स्वास्थ्यकर्मी कोरोना के डर से घरों को नहीं जा रहे, इसलिए वो यहां रुके हैं। लेकिन स्कूल की स्थिति एकदम बदहाल है। जिसके बारे में डॉक्टरों ने वीडियो के जरिए बताया है।
Recommended Video

सीएमओ से की लिखित शिकायत
डॉक्टरों ने जिले के सीएमओ को इस संबंध में लिखा है। इसमें उन्होंने कहा है कि उनकी ड्यूटी कोरोना मरीजों की देखभाल की है। कोरोना मरीज जिस अस्पताल में भर्ती हैं। उसके पास स्कूल में उनके रहने की व्यवस्था की गई है। स्कूल में टॉयलेट चॉक पड़े हैं, पानी की व्यवस्था नहीं है। इतना ही नहीं यहां बिजली भी ठीक से नहीं आ रही है। इसके अलावा यहां जो खाना आ रहा है, वो भी बेहद गंदे तरीके से एक पॉलीथिन में आता है। जिसमें पूरी और सब्जी होती है।

सीएमओ ने कहा- गेस्ट हाउस में भेजे जा रहे डॉक्टर
डॉक्टरों की शिकायत और वीडियो सामने आने के बाद सीएमओ ने कहा है पास के एक गेस्ट हाउस में सभी को शिफ्ट किया जा रहा है। जहां सभी इंतजाम अच्छे से किए जाएंगे। बता दें कि रायबरेली कोरोना से काफी प्रभावित जिला है। रायबरेली में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या गुरुवार तक 43 हो गई है। वहीं उत्तर प्रदेश में 1449 मामले सामने आए हैं। वहीं प्रदेश में अब तक 21 लोगों की मौत हुई है।

देश में बढ़ रहा है कोरोना का खतरा
कोरोना वायरस के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। देश में कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों की संख्या 21 हजार के पार हो गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, गुरुवार को देश में कोरोना वायरस पॉजिटिव मामलों की संख्या 21393 हो गई है और 681 लोगों की मौत हुई है। देश में इस समय 16454 एक्टिव केस हैं, वहीं 4258 मरीज ठीक होकर घर जा चुके हैं। दुनिया में इस वायरस से पीड़ितों की संख्या अब 26 लाख को पार कर गई है।












Click it and Unblock the Notifications