Covid 19 की नई लहर से भारत में स्वास्थ्य मंत्रालय अलर्ट, इन राज्यों में तेजी से बढ़ रहे कोरोना के नए मामले
Covid 19 cases in India: भारत में एक बार फिर कोविड-19 के मामलों में मामूली बढ़ोतरी देखने को मिली है। हालांकि केंद्र सरकार और स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने स्पष्ट किया है कि देश की स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और किसी बड़े खतरे की आशंका नहीं है।
वहीं दूसरी ओर, सिंगापुर और हांगकांग जैसे दक्षिण-पूर्वी एशियाई देशों में कोविड मामलों में तेज वृद्धि देखी जा रही है, जिससे वैश्विक स्तर पर चिंता का माहौल बन गया है।

covid 19 cases in India: भारत में कोविड के मामले
स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा 19 मई 2025 को जारी आंकड़ों के अनुसार, देशभर में फिलहाल 257 सक्रिय मामले हैं, जिनमें से अधिकतर मामलों में कोई अस्पताल में भर्ती की आवश्यकता नहीं पड़ी है। स्वास्थ्य मंत्रालय की रिपोर्ट के मुताबिक देश में केरल, महाराष्ट्र और तमिलनाडु में सबसे ज्यादा नए मामले देखने को मिले हैं।
12 मई के बाद से भारत में जो नए मामले दर्ज किए गए हैं, उनमें से...
- केरल में सबसे अधिक 69 नए मामले सामने आए हैं,
- इसके बाद महाराष्ट्र में 44,
- और तमिलनाडु में 34 नए संक्रमण पाए गए हैं।
इसके अतिरिक्त, कर्नाटक (8), गुजरात (6), दिल्ली (3) और हरियाणा, राजस्थान व सिक्किम में एक-एक मामला सामने आया है। मुंबई के किंग एडवर्ड मेमोरियल (KEM) अस्पताल में कोविड से जुड़ी दो मौतें भी दर्ज की गई हैं, जिनमें एक 14 वर्षीय बच्चा और एक 54 वर्षीय कैंसर मरीज शामिल है। डॉक्टरों के अनुसार दोनों ही मामलों में मरीजों को पहले से गंभीर बीमारियाँ थीं।
मुंबई में हल्का उछाल, पर BMC ने जताई संतुष्टि
बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) ने संक्रमण में मामूली इज़ाफे को स्वीकार किया है, लेकिन साफ़ किया है कि घबराने की कोई जरूरत नहीं है। BMC और अन्य राज्यों को निर्देश दिया गया है कि वे इंफ्लूएंजा-जैसे लक्षणों (ILI) और गंभीर तीव्र श्वसन संक्रमण (SARI) के मामलों की निगरानी बनाए रखें। इसके लिए आईडीएसपी (IDSP) और आईसीएमआर (ICMR) के नेटवर्क के जरिए लगातार निगरानी की जा रही है।
covid 19 cases in India: देश की तैयारी की समीक्षा, विशेषज्ञों ने दी राहत की बात
स्वास्थ्य मंत्रालय ने सोमवार, 19 मई को एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की, जिसमें राष्ट्रीय रोग नियंत्रण केंद्र (NCDC), आपातकालीन चिकित्सा राहत प्रभाग (EMR), आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ, आईसीएमआर और प्रमुख सरकारी अस्पतालों के अधिकारियों ने हिस्सा लिया।
- स्वास्थ्य सेवा महानिदेशक (DGHS) की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में बताया गया कि:
- भारत में अधिकांश मामले मामूली हैं,
- किसी भी मरीज को अस्पताल में भर्ती करने की आवश्यकता नहीं पड़ी है,
- स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।
भारत के शीर्ष महामारी विशेषज्ञ डॉ. रमण गंगाखेड़कर ने न्यूज 18 से बात करते हुए कहा कि जब तक अस्पतालों में एडमिट या मृत्यु दर में उल्लेखनीय वृद्धि नहीं होती, तब तक घबराने की जरूरत नहीं है। कोविड अब एक स्थानिक बीमारी (endemic) बन चुका है।
उन्होंने बुजुर्गों और इम्यूनो-कॉम्प्रोमाइज व्यक्तियों को सतर्क रहने और मास्क पहनने, हाथों की सफाई बनाए रखने और भीड़भाड़ से बचने की सलाह दी। साथ ही यह भी बताया कि भारत के पास ओमिक्रॉन के लिए वैक्सीन GEMCOVAC-19 उपलब्ध है, जिसे आवश्यकता पड़ने पर बड़े पैमाने पर तैयार किया जा सकता है।
covid 19 cases: सिंगापुर और हांगकांग में संक्रमण का विस्फोट
भारत में स्थिति नियंत्रण में है लेकिन सिंगापुर और हांगकांग जैसे एशियाई देशों में ओमिक्रॉन के सबवेरिएंट JN.1 के कारण कोविड मामलों में तेजी से वृद्धि दर्ज की गई है। सिंगापुर में अप्रैल के अंत में जहां 11,100 साप्ताहिक संक्रमण दर्ज हुए थे, वहीं मई के पहले सप्ताह में यह संख्या 14,200 तक पहुंच गई, जो 28% की वृद्धि है।
- हॉस्पिटलाइजेशन में भी 30% की बढ़ोतरी हुई है।
- हांगकांग में 3 मई को समाप्त सप्ताह में 31 मौतें हुईं, जो पिछले एक वर्ष में सबसे अधिक साप्ताहिक मौतें हैं।
- नए संक्रमण भी 972 से बढ़कर 1,042 हो गए, जबकि मार्च के शुरू में यह संख्या सिर्फ 33 थी।
- घबराने की जगह, सतर्कता पर दें घ्यान
भारत सरकार और स्वास्थ्य मंत्रालय ने साफ कर दिया है कि फिलहाल देश में कोविड-19 की स्थिति नियंत्रण में है। देश में अभी कोई व्यापक संक्रमण की लहर नहीं है, और सरकारी तंत्र पूरी तरह सतर्क एवं सक्रिय है। हालांकि, लोगों को सतर्क रहने, नियमों का पालन करने और विशेष रूप से कमजोर समूहों को कोविड उपयुक्त व्यवहार अपनाने की सलाह दी गई है।












Click it and Unblock the Notifications