MP News: सागर में जहरीली शराब कांड का यूपी कनेक्शन! ललितपुर से सागर तक फैला नकली शराब सप्लाई का नेटवर्क
शुरुआती जांच में पता चला है कि उत्तर प्रदेश के ललितपुर से मध्य प्रदेश के सागर जिले तक एक नकली शराब नेटवर्क चल रहा है। इस रैकेट में कथित तौर पर नकली लेबल और क्यूआर कोड का इस्तेमाल किया जाता है, और सड़क नेटवर्क के जरिए कई गांवों तक इसकी सप्लाई होती है। पुलिस स्थानीय संलिप्तता और बड़े संबंधों की जांच कर रही है, जबकि अवैध ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
मध्य प्रदेश के सागर जिले के बंडा क्षेत्र में कथित तौर पर जहरीली शराब पीने से हुई मौतों के मामले में प्रारंभिक जांच में बड़ा खुलासा हुआ है। जांच में उत्तर प्रदेश के ललितपुर से सागर के सीमावर्ती गांवों तक नकली शराब की सप्लाई करने वाले कथित रैकेट के सक्रिय होने की बात सामने आई है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यूपी के शराब माफिया ललितपुर में कथित तौर पर नकली शराब तैयार कर उसे कम कीमत पर सागर जिले के गांवों में सप्लाई करते थे। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े स्थानीय लोगों और शराब की सप्लाई के पूरे तंत्र की जांच कर रही है।
पिछले दिनों उत्तर प्रदेश की ललितपुर पुलिस ने नकली और अवैध शराब की सप्लाई करने वाले एक कथित गिरोह को पकड़ा था। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने कथित तौर पर स्वीकार किया कि वे सागर के बंडा क्षेत्र समेत अन्य इलाकों में नकली शराब की सप्लाई करते थे।
ललितपुर पुलिस के सामने दिए गए बयानों के मुताबिक, आरोपी ललितपुर में नकली शराब तैयार करते थे। इसके बाद बोतलों पर नकली रैपर और ढक्कन लगाकर उन्हें असली शराब जैसा रूप दिया जाता था। शराब की बोतलों पर कथित तौर पर अलग-अलग नकली QR कोड भी लगाए जाते थे।
गाड़ियों और बाइक से सागर के गांवों तक पहुंचती थी शराब
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि तैयार की गई नकली शराब को गाड़ियों और बाइक के जरिए सागर जिले के विभिन्न गांवों में पहुंचाया जाता था। जांच के अनुसार, ललितपुर में तैयार नकली शराब की सप्लाई सागर के बांदरी, बढ़ोदिया, गूगरा खुर्द, नौराज, बैराज समेत अन्य गांवों में की जाती थी।
पूछताछ में सामने आए नामों में ललितपुर निवासी रवि लखेरा, उसकी पत्नी शिवानी लखेरा, चंद्रेश लोधी और मोना राजा शामिल बताए गए हैं। हालांकि, पूरे नेटवर्क में इनकी भूमिका और अन्य लोगों की संलिप्तता की जांच पुलिस द्वारा की जा रही है।
पुलिस खंगाल रही नकली शराब का पूरा नेटवर्क
घटना के बाद पुलिस ने संदिग्धों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि ललितपुर से नकली शराब सागर तक किस माध्यम से पहुंचाई जाती थी और इस नेटवर्क में स्थानीय स्तर पर कौन-कौन लोग शामिल थे। जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि ललितपुर से सागर तक नकली शराब की सप्लाई का नेटवर्क कितना बड़ा था और इसमें कितने लोग सक्रिय थे।
शराब दुकानों और अवैध ठिकानों की जांच तेज
घटना के बाद प्रशासन ने भी कार्रवाई तेज कर दी है। सागर जिले में शराब की दुकानों के साथ-साथ अवैध शराब के संभावित ठिकानों की जांच की जा रही है। पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई का उद्देश्य नकली एवं अवैध शराब की सप्लाई पर रोक लगाना और पूरे नेटवर्क से जुड़े लोगों तक पहुंचना है।


Click it and Unblock the Notifications
