कोरोना वायरस: सरकार ने कोविन में दिया नया फीचर, जान सकेंगे अपने टीकाकरण की स्थिति
नई दिल्ली, 20 नवंबर: केंद्र सरकार ने कोविन प्लेटफॉर्म पर एक नया फीचर जोड़ा है, जिससे आसानी से टीकाकरण की स्थिति को जाना जा सकेगा। सरकार की ओर से बताया गया है कि कोविन डिजिटल प्लेटफॉर्म पर एक नई सुविधा नॉ योर वैक्सीनेशन स्टेट्स (अपनी टीकाकरण की स्थिति जानें) लाया गया है। यह Co-WIN/MoHFW के अधिकृत अधिकारों के अनुसार टीकाकरण की स्थिति/विवरण को सत्यापित/पुनर्प्राप्त करने को लेकर जानकारी उपलब्ध कराएगा।

इस सेवा को कोई भी सर्विस प्रोवाइडर इस्तेमाल कर सकेगा। इसमें निजी संस्थाएं जैसे ट्रैवल एजेंसियां, कार्यालय, नियोक्ता, मनोरंजन एजेंसियां, आईआरसीटीसी, सरकारी कार्यालय और एजेंसियां शामिल हैं। सरकार की ओर से कहा गया है कि ये नया फीचर लोगों को टीकाकरण के बारे में जानने को सुविधाजनक बनाएगा। इससे आसानी अपना स्टेटस लोग जान सकेंगे।
देश में कोरोना टीकाकरण की स्थिति को लेकर बात करें तो वैक्सीनेशन अभियान के तहत अब तक करीब 116 करोड़ टीके देशभर में लगाए जा चुके हैं। 20 नवंबर को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, देश का कोविड टीकाकरण कवरेज 115.79 करोड़ (1,15,79,69,274) पर पहुंच चुका है। केंद्र सरकार ने 129 करोड़ से अधिक वैक्सीन डोज राज्यों को उपलब्ध कराई हैं। राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के पास फिलहाल वैक्सीन की 21.65 करोड़ खुराक उपलब्ध हैं।
देश में कोरोना की स्थिति
शनिवार को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया है कि बीते 24 घंटे में देशभर से 10302 नए मामले दर्ज किए गए हैं और 267 लोगों की जान गई हैं। इसमें अकेले केरल राज्य से कोरोना के 5,754 नए मामले दर्ज किए गए। देश में अब सक्रिय कोरोना मरीज डेढ़ लाख से कम हो गए हैं। सक्रिय मरीजों का आंकड़ा 1,24,868 है जो कि 531 दिन में सबसे कम है। वहीं रिकवरी रेट 98.29 फीसदी पर है। कोरोना वायरस के संक्रमण के देशभर में दर्ज कुल मामलों की बात करें तो यह आंकड़ा 33909708 हो गया है।












Click it and Unblock the Notifications