जापान के डायमंड प्रिंसेस क्रूज पर फंसे 119 भारतीय दिल्ली पहुंचे, 5 विदेशी नागरिकों को भी लाया गया
नई दिल्ली। जापान में पिछले काफी दिनों से डायमंड प्रिंसेस क्रूज में फंसे भारतीय नागरिकों को लेकर इंडिया का विमान दिल्ली पहुंच गया है। इस विमान में कुल 119 भारतीय नागरिकों के अलावा श्रीलंका, नेपाल, दक्षिण अफ्रीका, पेरू के भी पांच नागरिक हैं। ये लोग पिछेल काफी दिनों से डायमंड प्रिंसेस क्रूज पर थे। दरअसल कोरोना वायरस के चलते इस क्रूज को एकांत में काफी दिनों तक खड़ा किया गया था। कई बार इसमे सवार भारतीय नागरिकों ने मोदी सरकार से मदद की गुहार लगाई थी।
जापान का शुक्रिया अदा किया
तमाम भारतीयों की वापसी पर भारत ने जापान का शुक्रिया अदा किया है। तमाम भारतीय नागरिकों को दिल्ली लाने में जापान के प्रशासन ने जिस तरह से मदद मुहैया कराई उसके लिए भारत सरकार ने जापान का शुक्रिया अदा किया है। विदेश मंत्री एस जयशंकर ने ट्वीट करके लिखा कि एयर इंडिया का विमान टोक्यों से 119 भारतीयों और श्रीलंका, नेपाल, दक्षिण अफ्रीका, पेरू के पांच नागरिकों को लेकर दिल्ली लैंड कर चुका है, ये लोग डायमंड प्रिंसेस क्रूज में कोरोना वायरस के चलते काफी दिनों तक एकांत में थे। हम जापान प्रशासन का शुक्रिया अदा करते हैं। साथ ही एयर इंडिया का भी एक बार फिर से शुक्रिया अदा करते हैं।
138 भारतीय सवार थे क्रूज पर
बता दें कि डायमंड क्रूज शिप पर कुल 3711 यात्री सवार थे, जिसमे कुल 138 भारतीय नागरिक भी शामिल थे। इसमे से 132 लोग क्रू के सदस्य थे, जबकि 6 लोग शिप पर यात्री थे। इस शिप को 5 फरवरी को जापान के में एकांत में खड़ा किया गया था। दरअसल शिप पर कोरोना वायरस से संक्रमित यात्री मिला था, जिसके बाद इस शिप को बंदरगाह से अलग खड़ा कर दिया गया था। शिप पर कुल 16 लोग कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए थे, ये लोग जापान में ही रहेंगे और यहां इनका इलाज किया जाएगा, जबकि पाकी लोगों को वापस भारत भेज दिया गया है।
37 देशों में फैला कोरोना वायरस
गौरतलब है कि कोरोना वायरस चीन के अलावा दुनिया के तमाम देशों में फैल चुका है। कोरोना वायरस 37 देशों में 80000 लोगों के बीच फैल चुका है। इसके चलते 2600 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। इस महीने भारत ने कुल 640 लोगों को चीन के वुहान शहर से निकालने में सफलता हासिल की है।
इसे भी पढ़ें- दिल्ली हिंसा: जब NSA अजित डोवाल से शख्स करने लगे अमित शाह और बीजेपी की शिकायत