#KamalaMillsFire: 8 लोगों की जान बचाने वाले कांस्टेबल को पुलिस ने किया सम्मानित, इस फोटो ने बनाया हीरो
मुंबई के कमला मिल्स में लगी आग में 14 लोगों की जान चली गई। इस हादसे में पुलिस ने अधिक से अधिक जानें बचाने की कोशिश की। आग से 8 लोगों को बचाने वाले पुलिसकर्मी सुदर्शन शिवाजी शिंदे सोशल मीडिया पर हीरो बन गए हैं।
मुंबई। मुंबई के कमला मिल्स में लगी आग में 14 लोगों की जान चली गई। इस हादसे में पुलिस ने अधिक से अधिक जानें बचाने की कोशिश की। आग से 8 लोगों को बचाने वाले पुलिसकर्मी सुदर्शन शिवाजी शिंदे सोशल मीडिया पर हीरो बन गए हैं। अपनी जान को दांव पर लगाकर लोगों को बचाने के लिए शिंदे को मुंबई पुलिस ने सम्मानित भी किया है।
पुलिस कमिश्नर ने किया सम्मानित
मुंबई पुलिस कमिश्नर दत्ता पद्सलगीकर ने सोमवार को सुदर्शन शिंदे को सम्मानित किया। उन्होंने लिखा, 'कमला मिल्स आग में हुए नुकसान की भरपाई नहीं की जा सकती, लेकिन सुदर्शन शिंदे के प्रयासों की सराहना की जानी चाहिए।' सुदर्शन शिंदे की एक महिला को अपने कंधों पर उठाकर बचाते हुए तस्वीर भी वायरल हो गई है।
14 साल से पुलिस को सेवाएं दे रहे हैं शिंदे
उनकी इस तस्वीर को अब तक कई लोग ट्वीट कर उनकी सराहना कर चुके हैं। 35 वर्षीय शिंदे 14 साल से मुंबई पुलिस में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। कमला मिल में लगी आग पर उन्होंने कहा, 'मेरा काम लोगों को दूर रखना था। मैंने छत पर बने रेस्टोरेंट से कुछ आवाजें सुनीं। एक महिला बेहोश हो गई थी।'
दूसरी बार किए गए सम्मानित
'मैं गया और उसे उठाकर नीचे लाया। तब तक एंबुलेंस आ गई थी।' शिंदे ने इस आग में 8 लोगों की जान बचाई जिसके लिए उन्हें सम्मानित किया गया। इससे पहले वर्ली में एक डूबते शख्स को बचाने के लिए भी उन्हें सम्मानित किया जा चुका है।