Bharat Jodo Yatra में राहुल गांधी की सुरक्षा को लेकर कांग्रेस ने अमित शाह को लिखा पत्र
भारत जोड़ो यात्रा के दौरान राहुल गांधी की सुरक्षा में हुई चूक पर कांग्रेस पार्टी ने गृहमंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर तत्काल इसे सुनिश्चित करने की मांग की है।

Bharat Jodo Yatra: राहुल गांधी की अगुवाई में कांग्रेस पार्टी देशभर में भारत जोड़ो यात्रा चला रही है। दक्षिण के कन्याकुमारी से होते हुए यह यात्रा अब दिल्ली पहुंच गई है और कश्मीर तक जाएगी। इस बीच कांग्रेस ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर राहुल गांधी की सुरक्षा को लेकर चिंता जाहिर की है। कांग्रेस ने पत्र लिखकर कहा हैकि राहुल गांधी की सुरक्षा को तत्काल रूप से सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही सभी भारत यात्रियों और नेताओं की सुरक्षा को सुनिश्चित करने के लिए कदम उठाए जाएं।
कांग्रेस के महासचिव केसी वेणुगोपाल की ओर से यह पत्र अमित शाह को लिखा गया है। जिसमे कहा गया है कि मैं आपका ध्यान भारत जोड़ो यात्रा के दौरान सुरक्षा में चूक की ओर लाना चाहता हूं जोकि 24 दिसंबर को हुई थी। कई मौकों पर भारत जोड़ो यात्रा की सुरक्षा में सेंध लग चुकी है, दिल्ली पुलिस बढ़ती भीड़ को नियंत्रित करने में विफल रही है। राहुल गांधी को जेड प्लसस की सुरक्षा मुहैया कराई गई है लेकिन बावजूद इसके इनके दायरे में लोग पहुंच जा रहे है। स्थिति इतनी गंभीर थी कि कांग्रेस के कार्यकर्ताओं और भारत जोड़ो यात्रियों को राहुल के इर्द-गिर्द घेरा बनाना पड़ा। लेकिन इस दौरान दिल्ली पुलिस मूक दर्शक बनी रही।
यही नहीं केसी वेणुगोपाल ने कहा कि संविधान के अनुच्छेद 19 के तहत हर नागरिक को यह अधिकार है कि वह कहीं भी आ जा सकता है पूरे भारत में। भारत जोड़ो यात्रा एक पदयात्रा है जिसके जरिए देश में शांति और सौहार्द लाने की कोशिश हो रही है। सरकार को बदले की राजनीति नहीं करनी चाहिए और कांग्रेस नेताओं की सुरक्षा को सुनिश्चित करना चाहिए। कांग्रेस पार्टी के दो प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी और राजीव गांधी ने अपनी कुर्बानी इस देश के लिए दी है। नक्सली हमले में छत्तीसगढ़ कांग्रेस का पूरा नेतृत्व खत्म हो गया। अब भारत जोड़ो यात्रा संवेदनशील राज्य पंजाब और जम्मू कश्मीर में पहुंचने वाली है। लिहाजा मैं आपसे अपील करना चाहता हूं कि राहुल गांधी की सुरक्षा को तत्काल रुप से सुनिश्चित किया जाए।












Click it and Unblock the Notifications