MUDA scam: सिद्दारमैया के बचाव में सड़कों पर उतरेगी कांग्रेस, गवर्नर के फैसले के खिलाफ उठाएगी ये कदम
कर्नाटक में कांग्रेस राज्यपाल थावरचंद गहलोत के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के खिलाफ मुकदमा चलाने की अनुमति देने के फैसले के खिलाफ राज्यव्यापी विरोध प्रदर्शन करने जा रही है। शनिवार को दी गई राज्यपाल की मंजूरी, सिद्धारमैया की कथित रूप से मैसूर शहरी विकास प्राधिकरण (एमयूडीए) के जमीन घोटाले में शामिल होने से संबंधित है। गवर्नर का यह फैसला ऐक्टिविस्ट टी जे अब्राहम, प्रदीप कुमार एस पी और स्नेहामयी कृष्णा की शिकायतों पर आधारित है।
मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने अपने ऊपर लगे जमीन घोटाले के आरोपों का खंडन किया है और कानूनी रूप से उनका मुकाबला करने की बात कही है। कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री और कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष डीके शिवकुमार ने रविवार को घोषणा की कि राज्य भर के सभी जिला मुख्यालयों में विरोध रैलियां आयोजित की जाएंगी। शिवकुमार ने अपने सदाशिवनगर निवास पर कहा, 'सभी पार्टी नेता और कार्यकर्ता इसमें हिस्सा लेंगे।'

शिवकुमार ने राज्यपाल पर सिद्धारमैया के खिलाफ एक केस गढ़ने का आरोप लगाया और इसे 'लोकतंत्र की हत्या' बताया। उन्होंने कहा कि विरोध प्रदर्शन शांतिपूर्ण होंगे और पार्टी नेताओं को रैलियों में असामाजिक तत्वों को घुसपैठ करने से रोकने का निर्देश दिया। शिवकुमार ने एआईसीसी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को कर्नाटक में घटनाक्रम के बारे में जानकारी देने का भी जिक्र किया।
उपमुख्यमंत्री ने तालुक और जिला स्तरीय कार्यालयों तक मार्च का आह्वान किया है, जहां राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को संबोधित ज्ञापन सौंपे जाएंगे। शिवकुमार ने एक्स पोस्ट पर कहा, 'आप सभी जानते हैं कि भाजपा और जद (एस) मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के खिलाफ एक बड़ी साजिश रच रहे हैं। इसका मुकाबला करना हमारा कर्तव्य है।'
शिवकुमार ने दोहराया कि कांग्रेस उस साजिश का मुकाबला करेगी जिसे, उन्होंने सिद्धारमैया को कमजोर करने के लिए तैयार किया है। उन्होंने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से इस विरोध प्रदर्शन में बड़ी संख्या में भाग लेने का आग्रह किया। कांग्रेस पार्टी और राज्य मंत्रिमंडल ने मुख्यमंत्री का समर्थन किया है, उनके इस्तीफे की विपक्षी मांगों को भी खारिज कर दिया।












Click it and Unblock the Notifications