कृषि कानून रद्द होने की खुशी में कल कांग्रेस मनाएगी 'किसान विजय दिवस', देशभर में आयोजित होंगी रैलियां
नई दिल्ली, 19 नवंबर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को तीनों कृषि कानूनों को वापिस लेने का ऐलान क्या किया, सभी विपक्षी दलों में खलबली मच गई। पीएम मोदी के ऐलान के बाद विपक्षी पार्टियों ने दबी आवाज में इस फैसले की सराहना तो की, लेकिन किसी ना किसी मुद्दे को लेकर केंद्र सरकार को निशाने पर लिया। इस बीच कांग्रेस पार्टी ने एक बड़ा ऐलान किया है। दरअसल, कांग्रेस ने शनिवार को देशभर में 'किसान विजय दिवस' मनाने की घोषणा की है।

कल 'किसान विजय दिवस' मनाएगी कांग्रेस
पीटीआई के मुताबिक, शनिवार (20 नवंबर) को कांग्रेस पार्टी देशभर में किसानों की जीत के उपलक्ष्य में रैलियां करेगी। जानकारी के मुताबिक, कांग्रेस ने अपने कैडर से राज्य और जिला मुख्यालयों पर किसान विजय रैलियों और सभाओं का आयोजन करने को कहा है। इसके अलावा कांग्रेस पार्टी किसान आंदोलन के दौरान मारे गए करीब 700 से अधिक किसानों को श्रद्धांजलि देने के लिए कैंडल मार्च भी निकालेगी।
किसानों की हितैषी बनने की है होड़?
आपको बता दें कि कांग्रेस का ये फैसला कहीं ना कहीं एक डर के रूप में भी देखा जा रहा है। दरअसल, पीएम मोदी के कृषि कानून को वापिस लेने के फैसले को पूरी तरह से चुनावी स्टंट माना जा रहा है, क्योंकि यूपी और पंजाब में खासकर बीजेपी के खिलाफ किसानों की नाराजगी किसी से छिपी नहीं थी। ऐसे में कृषि कानूनों को वापस लेने का फैसला किसानों को खुश करने के तौर पर देखा जा रहा है। वहीं कांग्रेस भी कल 'किसान विजय दिवस' के रूप में ये संदेश देने की कोशिश करेगी कि आंदोलन के दौरान और उसके बाद वो किसानों की हितैषी है।
Recommended Video
पीएम मोदी ने किया था ऐलान
बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को गुरुनानक जयंती के मौके पर राष्ट्र के नाम संबोधन में कृषि कानूनों को वापस लेने का ऐलान किया था। इस ऐलान के साथ ही उन्होंने देश से माफी मांगी थी कि वो शायद इस कानून को कुछ किसानों तक बेहतर तरीके से पहुंचा नहीं पाए।












Click it and Unblock the Notifications