'आप' ने LG पर की अभद्र टिप्पणी तो कांग्रेस ने जमकर कोसा

जंग के साथ कांग्रेस नेताओं के प्रतिनिधिमंडल की मुलाकात के बाद लवली ने कहा कि संवैधानिक पदों पर आसीन लोगों पर सवाल उठाकर आप ने अपनी मानसिकता का परिचय दिया। आज आपने उपराज्यपाल की आलोचना की है तो कल आप राष्ट्रपति पर हमला बोलेंगे। ऐसा पहले कभी नहीं हुआ था। उन्होंने कहा कि कल तक जो आम आदमी थे आज वे संवैधानिक पदों पर आसीन लोगों पर सवाल उठा रहे हैं।
आप मंत्री और मुख्यमंत्री हो सकते हैं, लेकिन आपको संविधान के दायरे में ही रहना होगा। लवली ने कहा कि हर कोई संविधान से बंधा है। और जो नहीं हैं हम सभी जानते हैं कि उन्हें क्या कहा जाएगा। मैं इन लोगों में सद्बुद्धि जगाने के लिए भगवान से प्रार्थना करूंगा। दिल्ली मंत्रिमंडल द्वारा स्वीकृत लोकपाल विधेयक पर जंग द्वारा सालिसीटर जनरल से राय मांगे जाने की खबर आम होने के बाद आप नेता आशुतोष ने उपराज्यपाल की आलोचना की।
दिल्ली मंत्रिमंडल ने सोमवार को भ्रष्टाचार विरोधी दिल्ली लोकपाल विधेयक 2014 को स्वीकृति प्रदान की और कहा कि 16 फरवरी को इंदिरा गांधी स्टेडियम में आयोजित एक विशेष सत्र में इसे पारित किया जाएगा। लवली ने कहा कि कांग्रेस लोकपाल विधेयक का सदन में विरोध करेगी क्योंकि यह 'असंवैधानिक' है। लवली ने कहा, "हम मजबूत लोकपाल विधेयक का समर्थन करते हैं लेकिन इस असंवैधानिक विधेयक का समर्थन नहीं करते। यह सरकार वैधानिक औपचारिकताओं को पूरी नहीं करती। इस सरकार को संविधान के मुताबिक काम करने की जरूरत है।"












Click it and Unblock the Notifications