बागियों के खिलाफ सख्त हुआ कांग्रेस नेतृत्व, सुनील जाखड़ और केवी थॉमस को भेजा नोटिस
नई दिल्ली, 11 अप्रैल: हाल में आए पांच राज्यों के चुनावी नतीजों के बाद भी कांग्रेस में घमासान मचा हुआ है। इसी बीच पंजाब कांग्रेस के पूर्व प्रमुख सुनील जाखड़ को पार्टी के अनुशासन पैनल ने पूर्व मुख्यमंत्री सीएस चन्नी की आलोचना करने के लिए नोटिस जारी किया है। पार्टी नेताओं ने सोमवार को कहा कि, जाखड़ को सात दिनों के भीतर जवाब देना होगा। इसके अलावा केरल के सीनियर नेता केवी थॉमस को भी नोटिस दिया गया है।

दरअसल सुनील जाखड़ ने एक टीवी चैनल को दिए इंटरव्यू में चरणजीत सिंह चन्नी को कमान देने के हाईकमान के फैसले पर सवाल उठाए थे। इसी इंटरव्यू के दौरान सुनील जाखड़ ने चरणजीत सिंह चन्नी और दलित समुदाय के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया था। जिसके बाद चरणजीत सिंह चन्नी गुरुवार को राहुल गांधी से मिलने दिल्ली पहुंचे थे। वहीं पार्टी के दलित कार्यकर्ताओं ने जाखड़ के निष्कासन की मांग की थी।
दरअसल चुनाव से कुछ महीने पहले कैप्टन अमरिंदर सिंह के सीएम पद से इस्तीफे के बाद सुनील जाखड़ को मुख्यमंत्री पद की रेस में माना जा रहा था, लेकिन उनके स्थान पर हाईकमान ने चरणजीत सिंह चन्नी पर दांव लगाया था। हाल ही में एक इंटरव्यू में भी उन्होंने चन्नी को लेकर कहा था कि हाईकमान को यह सोचना चाहिए था कि किसे कहां रखा जाना चाहिए। उनके इस बयान को दलित विरोधी बताते हुए उन पर निशाना साधा गया था।
हालाँकि अपने बयान को लेकर जाखड़ ने कहा था कि उनके बयान को तोड़-मरोड़ कर पेश किया गया है। इसके अलावा केवी थॉमस को पार्टी हाईकमान ने सीपीएम के सेमिनार में जाने से मना किया था, लेकिन उन्होंने अनुशासन को तोड़ते हुए उसमें जाने का फैसला लिया। पार्टी ने सीनियर नेता शशि थरूर को भी सेमिनार में हिस्सा ना लेने की सलाह दी थी, उन्होंने पार्टी के आदे्श का पालन किया।
केरल यूनिट ने हाईकमान से उनके इस रवैये को लेकर शिकायत भी की थी, जिसके बाद हाईकमान ने उन्हें हिदायत दी थी कि वह सीपीएम की ओर से आयोजित हो रहे सेमिनार में हिस्सा न लें। लेकिन केवी थॉमस उस सेमिनार में शामिल हुए थे।












Click it and Unblock the Notifications