कांग्रेस ने बीजेपी पर लगाया विधायकों को खरीदने का संगीन आरोप
अहमदाबाद/बेंगलुरु। कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु से 25 किलोमीटर की दूरी पर स्थित एक लक्जरी रिसॉर्ट में गुजरात कांग्रेस के 42 विधायक रुके हुए हैं। रविवार को सभी ने एकता दिखाई और कहा कि वो राज्यसभा प्रत्याशी अहमद पटेल को समर्थन देंगे। बता दें कि अहमद के नामांकन पर पार्टी इकाई में दो राय हो गई थी। इस मसले पर अब कांग्रेस की ओर से कहा गया है कि भारतीय जनता पार्टी विधायकों को पैसा दे रही है। कांग्रेस ने दावा किया है कि हर विधायक को 15 करोड़ रुपए देने की बात की जा रही है।

कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता और गुजरात से विधायक शक्तिसिंह गोहिल ने दावा किया कि भाजपा हर विधायक को 15 करोड़ रुपए, आगामी विधानसभा चुनाव में टिकट और चुनाव के लिए फंड देने की बात कह रही है। गोहिल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी निम्न स्तरीय राजनीति कर रही है जिसमें वो राज्य की शक्ति और पैसा प्रयोग कर रही है। गोहिल ने कहा कि 'हमने सर्वसम्मति से पार्टी के साथ खड़े रहने का फैसला किया है, और भाजपा द्वारा की जा रही लोकतंत्र की हत्या को नहीं होने देंगे।'
गौरतलब है कि पार्टी ने 28 जुलाई को ही अपने 44 पार्टी विधायकों को बेंगलुरु लेकर चली गई ताकि वो उन्हें भाजपा में जाने से रोक सके। सूत्रों के अनुसार दो विधायक निजी और राजनीतिक कारणों से वापस गुजरात चले आए। कांग्रेस ने अहमद पटेल के समर्थन में रविवार को 42 विधायकों की परेड भी कराई। हालांकि कांग्रेस के इस कदम की आलोचना भी हो रही है।
गांधीनर के दहेगाम से कांग्रेस विधायक कामिनीबेन बी राठौड़ ने कहा कि उन्हें भी भाजपा की ओर से 15 करोड़ रुपए ऑफर किया गया था लेकिन उन्होंने ठुकरा दिया। बता दें कि कामिनीबेन बेंगलुरु में अपने परिवार के साथ रुकी हैं।












Click it and Unblock the Notifications